बेंगलुरु। आईपीएल 2027 में एमएस धोनी मैदान पर नजर आएंगे या नहीं, इस सवाल का जवाब जानने के लिए फैंस को अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा। हालांकि,थाला ने अपने भविष्य को लेकर बड़ा संकेत दिया है। धोनी ने कहा कि एक और सीजन खेलने के लिए उन्हें पहले फिटनेस टेस्ट से गुजरना होगा और दिसंबर से पहले अपनी शारीरिक स्थिति का आकलन करना होगा। उन्होंने यह बात 24 अक्टूबर को बेंगलुरु में एक हेल्थकेयर कार्यक्रम के दौरान कही। धोनी से जब पूछा गया कि क्या वह आईपीएल का एक और सीजन खेलना चाहेंगे, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया, 'डॉक्टर, मुझे टेस्ट से गुजरना होगा। आपको मुझे रिपोर्ट देनी होगी और दिसंबर से पहले मुझे यह देखना होगा कि मैं एक और सीजन खेलने के लिए कितना मजबूत हूं।'
धोनी की फिटनेस
बड़ा सवाल- धोनी ने कहा कि अगर वह खेलने के लिए पर्याप्त फिट नहीं हुए, तो डॉक्टरों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनकी सेहत ठीक रहे और वह एक और सीजन खेलने के लिए तैयार हो सकें। धोनी ने अपनी तुलना एक पुरानी विंटेज गाड़ी से करते हुए कहा कि उसे सड़क पर सुचारू रूप से चलाने की जिम्मेदारी डॉक्टरों की होगी। उनके इस बयान से साफ है कि आईपीएल में उनकी वापसी का फैसला फिटनेस के आकलन के बाद ही होगा।
आईपीएल 2026 में नहीं खेले थे
माही- एमएस धोनी आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से एक भी मुकाबला नहीं खेल पाए थे। पिंडली से जुड़ी परेशानी और फिटनेस संबंधी समस्याओं के कारण वह पूरे सीजन से बाहर रहे। ऐसे में आईपीएल 2027 में उनकी वापसी की उम्मीदें भी बेहद कम हैं। धोनी की उम्र और पिछले सीजन में उनकी गैरमौजूदगी को देखते हुए फिटनेस उनके लिए अहम बनी हुई है। हालांकि, उन्होंने अभी तक आईपीएल 2027 में खेलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। एमएस धोनी आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं। उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच बार आईपीएल का खिताब जीता। उन्होंने 2023 में आखिरी बार टीम को चैंपियन बनाया था।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 25 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें





