इंदौर। जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में नशे में धुत होकर घर लौटे पति ने जब अपनी हदें पार कीं, तो पत्नी द्वारा टोकने पर उसने बेरहमी से मारपीट की और पानी भरने वाले स्टील के जग से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, यह घरेलू हिंसा की घटना जबरन कॉलोनी निवासी आयुषी पति अमन वर्मा के साथ हुई। पीड़िता ने थाने पहुंचकर पुलिस को बताया कि उसका पति अमन रात के वक्त शराब के नशे में पूरी तरह धुत होकर घर लौटा था। अगली सुबह जब आयुषी ने उसके इस नशे की आदत और हरकतों को लेकर उसे टोका, तो आरोपी पति भड़क गया और गालियां देने लगा। जब पत्नी ने उसे गाली देने से मना किया, तो वह हिंसक हो उठा और उसने घर में रखे पानी के स्टील के जग से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में आयुषी का सिर फट गया और खून बहने लगा। जाते-जाते आरोपी ने धमकी दी कि अगर आइंदा शराब पीने से रोका, तो जान से खत्म कर दूंगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 25 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



