तुकोगंज थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी का एक नया और शातिर मामला सामने आया है। अस्पताल में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने के लिए सर्च किए गए नंबर के जरिए ठगों ने मोबाइल में एक एपीके फाइल डाउनलोड करवा ली। फाइल इंस्टॉल होते ही शातिर साइबर अपराधियों ने बैंक खाते से 1.32 लाख रुपये पार कर दिए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, यह ऑनलाइन फ्रॉड निकेत अग्रवाल निवासी रोशन सिंह भंडारी मार्ग के परिवार के साथ 11 और 12 अक्टूबर के बीच हुआ। फरियादी ने पुलिस को बताया कि उनके पिता ने किसी अस्पताल में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए इंटरनेट पर एक संपर्क नंबर तलाशा था। उसी दौरान एक अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल आया। बातचीत के दौरान ठगों ने रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करने के बहाने उनके मोबाइल पर एक एपीके फाइल भेजी। निकेत की पत्नी तृप्ति ने जैसे ही उस फाइल को डाउनलोड कर अपने फोन में इंस्टॉल किया, ठगों को खाते का एक्सेस मिल गया। आरोपियों ने इस दौरान बैंक के संयुक्त खाते से कुल 1,32,000 रुपये अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए ट्रांसफर कर लिए। तुकोगंज पुलिस अब उस मोबाइल नंबर और बैंक खाते की तकनीकी जांच कर रही है, जिसमें रकम ट्रांसफर हुई है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 25 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



