इंदौर। जूनी इंदौर थाना क्षेत्र स्थित एक बीयर बार में खाना खाने के दौरान मामूली सी बात पर विवाद बढ़ गया। घूरकर देखने के शक में एक युवक पर दूसरे टेबल पर बैठे दबंग ने लात-घूंसों से जमकर हमला कर दिया। बार स्टाफ द्वारा बीच-बचाव करने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। जूनी इंदौर पुलिस के अनुसार, यह मारपीट की घटना कल रात सिटी जिमखाना बार के अंदर हुई। घायल युवक सुनील कुमार पिता खेमूमल बागेजा, निवासी गीताकुंज मेन, त्रिवेणी कॉलोनी ने पुलिस को बताया कि वह रात को बार में भोजन करने गया था। उसी दौरान उसकी टेबल के पास वाली टेबल पर बैठा आरोपी आरू निवासी भोलाराम उस्ताद मार्ग बिना किसी बात के उसे घूरने लगा। जब सुनील ने इसका विरोध किया, तो आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए उस पर टूट पड़ा। उसने सुनील को लात-घूंसों से पीटकर अंदरूनी चोटें पहुंचाईं। मारपीट और हंगामे के चलते बार में अफरा- तफरी मच गई। मौके पर मौजूद बार मैनेजर और अन्य स्टाफ ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। जाते-जाते आरोपी ने धमकी दी कि आज तो बच गया, दोबारा घूरकर देखा तो जान से खत्म कर दूंगा। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 25 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



