सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
खेल

करोड़ों खर्च के बाद भी एशियन गेम्स से नहीं मिले पदक

नई दिल्ली। खेल मंत्रालय ने हाल ही में संपन्न एशियाई खेलों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन की समीक्षा के लिए 13 अक्टूबर को एक बड़ी बैठक बुलाई है जिसमें 40 से…

नई दिल्ली। खेल मंत्रालय ने हाल ही में संपन्न एशियाई खेलों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन की समीक्षा के लिए 13 अक्टूबर को एक बड़ी बैठक बुलाई है जिसमें 40 से ज्यादा खेल महासंघों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि 9 अलग- अलग स्पोर्ट्स डिसिप्लिन के 34 प्रमुख एथलीट पर 27.16 करोड़ रुपये खर्च करने के बावजूद भी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं मिला है।

बैडमिंटन, शूटिंग और एथलेटिक्स में बड़े नाम और अनुभवी खिलाड़ियों के निराशाजनक प्रदर्शन पर प्रमुख रूप से ध्यान दिया जाएगा। जिन 7 स्पोर्ट्स में पिछली बार हांगझोऊ में 20 गोल्ड आए थे, इस बार उन श्रेणियों में गोल्ड नहीं मिला है। 23 अलग- अलग डिसिप्लिन में 89 अनुभवी एथलीट ने हिस्सा लिया लेकिन कोई मेडल नहीं मिला। वहीं कुछ एथलीट खेल शुरू होने से पहले चोट के कारण भागीदारी नहीं कर पाए। इन सबके पीछे क्या कारण रहे हर एक चीज समीक्षा के दायरे में होगी।

वहीं महिला ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा में 48 साल बाद भारत को गोल्ड दिलाने वाली नीरू ढांडा जैसे खिलाड़ियों को और कैसे बढ़ावा दिया जाएगा, इसको लेकर भी रोडमैप तैयार किया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि पूरे दिन की समीक्षा बैठक के दौरान केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया भी मौजूद रहेंगे। भारत ने आइची-नागोया खेलों में 21 स्वर्ण सहित 85 पदक जीते जो हांग्झोउ में पिछली बार के एशियाई खेलों में हासिल किए गए 106 पदकों से कम रहा। मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि ऐसा देखने में आया कि कुछ अनुभवी खिलाड़ी स्पष्ट रूप से एक सहज स्थिति में थे और इसका असर उनके प्रदर्शन में भी देखने को मिला। वे अनुभवी खिलाड़ी काफी पीछे रह गए। इसके अलावा नए खिलाड़ियों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। विथ्या रामराज ने पीटी उषा का 42 साल पुराना नेशनल रिकॉर्ड तोड़ा और अकेली ऐसी एथलीड रही, जिन्होंने गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज जीता। महिला खिलाड़ियों वाले इवेंट में कुल 47 मेडल मिले। 2010 एशियाई केलों के बाद 16 वर्षों में पहली बार हुआ जब भारत के एक से ज्याद बॉक्सर फाइनल में पहुंचे और तीनों ने गोल्ड मेडल जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। पिछले एशियाई खेलों के प्रदर्शन के अनुसार केवल जापान बेहतर कर पाया है इसके अलावा सभी के पदकों की संख्या कम हुई है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 9 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 9 अक्टूबर 2026, पृष्ठ 11