इंदौर। इंदौर में आयोजित 43वीं सबजूनियर एवं 52वीं जूनियर नेशनल एक्वाटिक चैंपियनशिप-2026 के पहले दिन डाइविंग स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का आयोजन आईडीए इंटरनेशनल स्विमिंग पूल, इंदौर में किया जा रहा है। विधायक मालिनी गौड़ की अध्यक्षता में आयोजित इस राष्ट्रीय स्पर्धा के पहले दिन आयोजित डाइविंग मुकाबलों में बालिका वर्ग के जी ग्रुप -2 प्लेटफार्म स्पर्धा में मध्यप्रदेश की अनिका आनंद चौरसिया ने 152.15 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा में महाराष्ट्र की मानसविनी शशिकांत सावंत प्रथम तथा महाराष्ट्र की कनक अशोक शंकु द्वितीय स्थान पर रहीं।
बालक जी-1 और 2 प्लेटफार्म सिंक्रो में एसएससीबी के सुप्रदीप साहा रिसव दास ने 222.81 के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरा स्थान महाराष्ट्र के स्वराज राजेंद्र लाड संकेत श्रीशैल लिगाड ने तथा तीसरा स्थान मणिपुर के शैखोम कोरौंगनबा मंगांग हिरोम बॉन्सन सिंह ने प्राप्त किया।
बालक जी-3 प्लेटफार्म इवेंट में महाराष्ट्र के संभव सुरेश चेरचर 233.80 अंकों के साथ प्रथम रहे। वहीं महाराष्ट्र के ही शौर्य संदीप पाटिल दूसरे और मणिपुर के चाकप्रम तोमथिन सिंह तीसरे स्थान पर रहे।
बालिका वर्ग के जी-2 प्लेटफार्म इवेंट में महाराष्ट्र की मानसविनी शशिकांत सावंत ने 162.55 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर महाराष्ट्र की ही कनक अशोक शंकु व तीसरे स्थान पर म.प्र. की अनिका आनंद चौरसिया रही।
बालक जी-2 3एम स्प्रिंग बोर्ड इवेंट में मणिपुर के अरुबाम बेन्हार ने 358.55 अंक लेकर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं मणिपुर के ही हिरोम बॉन्सन सिंह दूसरे व बंगाल के रुद्रनिल प्रधान तृतीय रहे। प्रतियोगिता के पहले दिन वॉटरपोलो के लीग मुकाबले भी खेले गए, जिसमें विभिन्न राज्यों की टीमों ने भाग लिया।
इस अवसर पर एकलव्य सिंह गौड़, मध्यप्रदेश स्विमिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष पियूष शर्मा, सचिव जय वर्मा, कोषाध्यक्ष योगेंद्र सिंह राठौर, लोकेन्द्र सिंह राठौर, अखिलेश पाठक, गौरव द्विवेदी, सागर टोंडे, योगेश वाजपेयी, मनीष एवं मोहित इमोलिया सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में देशभर से आए तैराक एवं डाइविंग खिलाड़ी अगले चार दिनों तक विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 8 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




