इंदौर। मध्य प्रदेश राज्य सीनियर फीडे रेटिंग शतरंज चैंपियनशिप 2026 का भव्य शुभारंभ मध्य प्रदेश शतरंज संघ के सचिव कपिल सक्सेना एवं सह सचिव विपिन लूणावत एवं राजेश बहादुर की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 430 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा ट्रॉफी अनावरण एवं शतरंज शाला (प्रशिक्षण केंद्र) का भी उद्घाटन किया गया।
शुभारंभ अवसर पर मेजबान वैष्णव स्पोर्ट्स एकेडमी की ओर से वैष्णव ग्रुप के ट्रस्टी देवेंद्र मुछाल, विष्णु पसारी, मनीष बाहेती, वीरेंद्र मुछाल एवं कॉलेज के डायरेक्टर जॉर्ज थॉमस उपस्थित रहे वहीं आयोजन समिति की ओर से कमल वर्मा, गजानन उंडे, टी. आर. सिलावट, विनोद गोसर एवं सचिव सुनील सोनी मौजूद रहे। अतिथियों का स्वागत अजय सोनी, योगेश मोहिते, आकांक्षा आस्तिक एवं हिमांशु गायकवाड द्वारा किया गया। 8 राउंड्स की इस तीन दिवसीय राज्य स्तरीय चयन स्पर्धा में प्रदेश के 12 खिताब प्राप्त खिलाड़ी तथा 102 अंतरराष्ट्रीय फीडे रेटिंग प्राप्त खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता में इंदौर, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, रतलाम, सागर, खंडवा, विदिशा, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, शहडोल, दमोह, बड़वानी, मंदसौर, देवास, खरगोन, अलीराजपुर सहित मध्य प्रदेश के लगभग सभी जिलों के खिलाड़ी भाग ले रहेहैं।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 3 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




