इंदौर। मध्य प्रदेश की चुनौती को आगे बढ़ाते हुए मेजबान एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल ने ऑल इंडिया आइपीएससी बैडमिंटन स्पर्धा के फाइनल में कदम रखा। अब टीम का सामना जोधपुर के राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल की टीम से होगा। राउ स्थित एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित टूर्नामेंट में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालिका वर्ग के मुकाबले खेले जा रहे हैं। अंडर-14 बालिका वर्ग के सेमीफाइनल में एमरल्ड हाइट्स स्कूल ने दिल्ली के डीपीएस की टीम को 2-0 से पराजित कर खिताबी मुकाबले में कदम रखा। एमरल्ड हाइट्स की ओर से शनाया सिंघवानी, काव्या जैन एवं तान्या अग्रवाल ने विजयी प्रदर्शन किया। डीपीएस टीम का प्रतिनिधित्व आरना सिंह एवं आरवी अरोरा ने किया। दूसरे सेमीफाइनल में जोधपुर के राजमाता कृष्णा कुमारी गर्ल्स पब्लिक स्कूल ने मोहााली के यादविंद्रा पब्लिक स्कूल को 2-0 से हराया। जोधपुर की टीम से कियारा गोयल एवं खुशी राठी ने प्रभावी प्रदर्शन किया। मोहाली की ओर से अरनाज कौर एवं रामायरा गौबा ने प्रतिनिधित्व किया। बालिका अंडर- 17 वर्ग के सेमीफाइनल में जयपुर के महारानी गायत्री देवी गर्ल्स स्कूल ने मेजबान एमरल्ड हाइट्स इंटरनेशनल स्कूल को 2-0 से पराजित किया। जयपुर की ओर से अश्मिता चौधरी एवं आद्या नाहर ने अपनी टीम की जीत की इबारत लिखी। एमरल्ड हाइट्स का प्रतिनिधित्व तन्वी दुबे, इरा ठाकुर एवं रेनी अग्रवाल ने किया।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 11 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




