इंदौर। स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में मध्य प्रदेश तैराकी संघ एवं इंदौर जिला तैराकी संघ द्वारा आयोजित 42वीं सब- जूनियर एवं 52वीं जूनियर नेशनल एक्वाटिक चैंपियनशिप-2026 का भव्य समापन हुआ। इंदौर में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से आए खिलाड़ियों ने वॉटरपोलो एवं डाइविंग में शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन वॉटरपोलो के रोमांचक फाइनल मुकाबलों के साथ पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। वॉटरपोलो के फाइनल मुकाबलों में केरल की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बॉयज और गर्ल्स दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर प्रतियोगिता में डबल गोल्ड हासिल किया।
गर्ल्स वर्ग के फाइनल में केरल ने कर्नाटक को 15-6 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। केरल की स्टार खिलाड़ी सफवा सकीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अकेले 7 गोल दागे। कर्नाटक की ओर से तन्वी रवि ने 3 गोल किए। सफवा सकीर को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए बेस्ट प्लेयर ऑफ द चैंपियनशिप चुना गया।
वहीं बॉयज वर्ग के फाइनल में केरल और बंगाल के बीच जोरदार मुकाबला देखने को मिला। केरल ने 21-16 से जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक हासिल किया। केरल की ओर से अरविंद पी. ने 7 तथा अंबाडी एन.एस. ने 6 गोल किए। बंगाल के संजीब सरदार ने 6 गोल किए। गर्ल्स वर्ग के ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में महाराष्ट्र ने बंगाल को पेनल्टी शूटआउट में 7-5 से हराकर कांस्य पदक हासिल किया। वहीं बॉयज वर्ग में महाराष्ट्र ने कर्नाटक को 24-9 से पराजित कर कांस्य पदक अपने नाम किया। मेजबान मध्य प्रदेश के लिए डाइविंग में भी प्रतियोगिता यादगार रही। गर्ल्स ग्रुप-3 डाइविंग में मध्य प्रदेश की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 16 अंकों के साथ उपविजेता ट्रॉफी हासिल की। इस वर्ग में महाराष्ट्र 31 अंकों के साथ विजेता रहा, जबकि मध्य प्रदेश ने 16 अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 13 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




