नई दिल्ली। भारतीय टीम की कप्तानी करना हर क्रिकेटर का सपना होता है। श्रेयस अय्यर को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद पहली बार टीम की कमान संभालने का मौका मिला। हालांकि शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। आयरलैंड से 0-2 की हार के बाद इंग्लैंड के खिलाफ भी 0-4 से सीरीज गंवानी पड़ी। 4 हफ्तों और 7 मैचों के बाद आखिरकार जिम्बाब्वे की धरती पर श्रेयस ने जीत का स्वाद चखा। इसके बाद उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए मैच की तस्वीर साझा की और बिना कुछ कहे सब कुछ कह गए। बतौर भारतीय कप्तान पहली जीत दर्ज करने के बाद श्रेयस अय्यर ने मैच से जुड़ी 4 तस्वीर साझा की। पहली तस्वीर में वह जिम्बाब्वे के कप्तान के साथ टॉस के दौरान नजर आ रहे हैं। दूसरी तस्वीर में भारतीय कप्तान मैदान पर खिलाड़ियों को निर्देश देते दिखाई दे रहे हैं। तीसरी तस्वीर में वैभव सूर्यवंशी नजर आ रहे हैं। वहीं चौथी तस्वीर में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले अशोक शर्मा दिख रहे हैं। जिन्होंने 19 गेंदों में 50 रन की पारी खेली। इस पोस्ट कैप्शन में श्रेयस अय्यर ने 2 उंगली का इमोजी लगाया है। जिसे वी यानी विक्टरी का साइन माना जाता है। बात की जाए मैच की तो हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए पहले मुकाबल में भारत ने 7 विकेटों से जीत दर्ज की। श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मयंक यादव और प्रिंस यादव ने 2-2 विकेट लेकर जिम्बाब्वे को 125 के स्कोर पर रोका। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 23 रन के संयुक्त स्कोर पर अभिषेक शर्मा (1) को गंवा दिया था। फिर वैभव सूर्यवंशी ने 19 गेंदों में 50 रन की पारी खेलकर मुकाबला एकतरफा कर दिया। अंत में ईशान किशन और श्रेयस अय्यर ने क्रमश: 35 और 27 रन बनाकर भारत को जीत की दहलीज पार करवाई।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 24 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




