हरारे। वैभव सूर्यवंशी का इंग्लैंड में भारत के लिए पदार्पण भले ही उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा हो लेकिन जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा को लगता है कि अगर 15 साल के इस खिलाड़ी को अच्छे से संभाला जाए तो वह पीढ़ी में एक बार आने वाली प्रतिभा बन सकता है। इस उभरते हुए बल्लेबाज ने इंग्लैंड में तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 14, 13 और 15 रन बनाए। भारत ने श्रृंखला 0-4 से गंवाई। इनमें से दो पारियों में सूर्यवंशी जोप्रा आर्चर की शॉर्ट गेंद पर आउट हुए। रजा ने कहा, वैभव एक बहुत प्रतिभावान क्रिकेटर है। अगर कोई 15 साल का बच्चा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहा है तो सिर्फ दो या तीन मैच के बाद उसकी बुराई करना सही नहीं है। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि वैभव के आस-पास बहुत सारे बहुत अच्छे सीनियर क्रिकेटर हैं। अगर उसे अच्छे से संभाला जाए तो मुझे लगता है कि वैभव पीढ़ी में एक बार आने वाली प्रतिभा बन सकता है। बाएं हाथ के बल्लेबाज सूर्यवंशी एक बार फिर हरारे में लौटेंगे जहां उन्होंने जनवरी में अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंद में 175 रन की मैच जिताने वाली पारी खेली थी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 22 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




