गाले। भारतीय टीम ने आगे टेस्ट की पहली पारी में श्रीलंका को 284 रनों पर समेट दिया। इसमें सबसे बड़ा योगदान मानव सुथार का रहा। टीम में रविंद्र जडेजा के होने के बाद भी भारत ने दूसरे बाएं हाथ के स्पिनर को मौका दिया। मानव ने अपने स्पेल में 76 रन देकर 4 विकेट लिए। वह पारी में भारत के सबसे सफल गेंदबाज भी रहे। अफगानिस्तान के खिलाफ डेब्यू करने वाले मानव सुथार का यह दूसरा ही टेस्ट मैच है। उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर अनुभवी दिनेश चांडीमल को आउट कर दिया। भारत के युवा बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह टीम इंडिया के लिए भविष्य के बड़े स्पिन गेंदबाज बन सकते हैं। उनकी गेंदों ने श्रीलंकाई बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया और विकेट पर मौजूद टर्न का उन्होंने भरपूर फायदा उठाया। सुथार की गेंदबाजी की सबसे खास बात यह रही कि उनकी 74 प्रतिशत गेंदों पर 4.5 डिग्री से ज्यादा टर्न देखने को मिला, जो मैच में अब तक किसी भी स्पिनर से सबसे ज्यादा है। इस सूची में श्रीलंका के केशारा नुवांथा दूसरे स्थान पर रहे, जबकि रविंद्र जडेजा तीसरे नंबर पर रहे। मैच के बाद मानव सुथार ने अपनी सफलता का क्रेडिट बीसीसीआई की बेंगलुरु स्थिति सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में मिली तैयारी को दिया। उन्होंने प्रेस कॉन्प्रेंस में कहा, अफगानिस्तान के साथ हुए टेस्ट मैच के बाद मैं कूकाबुरा बॉल से प्रैक्टिस कर रहा था। इसलिए मेरा प्लान बहुत सिम्पल था अच्छी जगहों पर, सही लेंथ और सही स्पीड से गेंदबाजी करना। यहां की पिच पर थोड़ा बाउंस भी मिलता है, इसलिए सही लाइन पर गेंदबाजी करना जरूरी हो जाता है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 18 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




