इंदौर। एमेच्योर स्पोर्ट्स किकबॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ मध्य प्रदेश एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान तथा वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन के सानिध्य में पांच दिवसीय सीनियर एवं मास्टर्स राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप (महिला एवं पुरुष) प्रतियोगिता अब निर्णायक दौर में पहुंच गई है। देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों के बीच जारी मुकाबलों में जोश, उत्साह और उत्कृष्ट तकनीकी कौशल का शानदार प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए एमेच्योर स्पोर्ट्स किकबॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ मध्य प्रदेश के अध्यक्ष विनोद सोनडवले एवं महासचिव आशुतोष दाधीच ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान मेजबान मध्य प्रदेश सहित देशभर से आए प्रतिभाशाली किकबॉक्सिंग खिलाड़ियों ने अपने-अपने वर्गों और इवेंट्स में दमदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा और जीत के लिए जुझारूपन ने प्रतियोगिता को बेहद आकर्षक बना दिया है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमें वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन से संबद्ध राज्यों का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। आगामी मुकाबले और भी रोमांचक एवं प्रतिस्पर्धात्मक होने की उम्मीद है। सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 11 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




