मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
खेल

अब इस देश से खेलेगी संजय बांगर की बेटी अनाया

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की तारीफ की

नई दिल्ली। पूर्व भारतीय ऑलराउंडर और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाजी कोच संजय बांगर की बेटी अनाया बांगर के करियर और जीवन में एक बड़ा सकारात्मक मोड़ आया है। जेंडर-अफॉर्मिंग सर्जरी कराने के बाद 25 वर्षीया ट्रांस-एथलीट अनाया को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने ऑस्ट्रेलिया में कम्युनिटी प्रीमियर महिला क्रिकेट खेलने की आधिकारिक मंजूरी दे दी है। इस फैसले के साथ ही अब अनाया के महिला क्रिकेट के मैदान पर दोबारा वापसी करने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने दी अनुमति

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ट्रांसजेंडर एंड जेंडर डाइवर्स प्लेयर्स इन एलीट क्रिकेट पॉलिसी के अनुसार, एलीट या व्यावसायिक स्तर पर महिला क्रिकेट खेलने के लिए खिलाड़ी का टेस्टोस्टेरोन स्तर लगातार 12 महीनों तक 10 नैनोमोल प्रति लीटर से कम होना अनिवार्य है। बोर्ड के इंटीग्रिटी विभाग की प्रमुख जैकी पार्टरिज ने अनाया को लिखे पत्र में स्पष्ट किया है कि मार्च 2027 तक वे ऑस्ट्रेलिया के किसी भी राज्य या केंद्र शासित प्रदेश में कम्युनिटी और प्रीमियर क्रिकेट खेल सकती हैं क्योंकि यह स्तर एलीट क्रिकेट के दायरे में नहीं आता है। इसके अलावा, यदि वे मार्च 2027 में एलीट महिला क्रिकेट खेलना चाहती हैं तो उन्हें तय टेस्टोस्टेरोन मानकों को पूरा करने के लिए ब्लड टेस्ट रिपोर्ट जमा करनी होगी।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की तारीफ करते हुए अनाया बांगर ने कहा, यह मेरे लिए एक बहुत बड़ा दिन है, खासकर यह जानने के बाद कि मैं दोबारा क्रिकेट खेल सकती हूं। एक वक्त ऐसा भी था जब मुझे लगा था कि मैं अब कभी बल्ला नहीं थाम पाऊंगी, लेकिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने मुझे एक नया अवसर दिया है। यह सिर्फ मेरे लिए ही नहीं बल्कि उन सभी एथलीट्स के लिए एक मिसाल है जो ट्रांजिशन और अपने पसंदीदा खेल में से किसी एक को चुनने के लिए मजबूर थे। हालांकि, शुरुआत से ही यह सफर शारीरिक के साथ-साथ भावनात्मक रूप से भी काफी दर्दनाक रहा जिससे मेरे रिश्ते, दोस्त, करियर और पूरी जिंदगी बदल गई।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 26 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें