नई दिल्ली। लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड के हाथों 194 रनों की शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कड़ा कदम उठाते हुए अपनी टीम का पूरी तरह से कायाकल्प कर दिया है। तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 0-2 से पिछड़ने और पिछले 6 में से 5 टेस्ट मैच गंवाने के बाद बोर्ड ने तीसरे और अंतिम टेस्ट से पहले एक बड़ा फैसला लिया। पीसीबी ने सात खिलाड़ियों को टेस्ट टीम से बाहर का रास्ता दिखाते हुए रेड-बॉल कोचिंग स्टाफ में भी अचानक बदलाव का ऐलान किया है।
टीम से छुट्टी पाने वाले खिलाड़ियों में पूर्व व्हाइट-बॉल कप्तान सलमान अली आगा, विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और ओपनिंग बल्लेबाज इमाम उल हक जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इसके अलावा अली उस्मान, आमिर जमाल, मुहम्मद आवैस जफर और खुर्रम शहजाद को भी वापस भेज दिया गया है। बोर्ड ने एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा, 'पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने घोषणा की है कि लॉर्ड्स टेस्ट समाप्त होने के बाद सात खिलाड़ियों को टेस्ट स्क्वाड से रिलीज कर दिया गया है। इनकी जगह सात नए खिलाड़ियों को शामिल किया गया है जिनमें पांच अनकैप्ड और दो कैप्ड खिलाड़ी शामिल हैं।' रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में युवा और नए चेहरों को प्राथमिकता दी गई है। अंतरराष्ट्रीय अनुभव वाले सैम अयूब (8 टेस्ट), अब्दुल्ला फजल (2 टेस्ट) और ऑलराउंडर अराफात मिन्हास की वापसी हुई है। वहीं, घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले चार अनकैप्ड खिलाड़ी मोहम्मद इमरान जूनियर, साद बेग, मोहम्मद इमरान और रजाउल्लाह को मौका मिला है।
कोचिंग स्टाफ पर भी बड़ा फैसला
मैदान के अंदर ही नहीं, बल्कि ड्रेसिंग रूम के माहौल को बदलने के लिए पीसीबी ने कोचिंग स्टाफ में भी गाज गिराई है। रेड-बॉल हेड कोच सरफराज अहमद और बॉलिंग कोच उमर गुल की छुट्टी कर दी गई है। इंग्लैंड दौरे के बाकी बचे हिस्से के लिए अब यह जिम्मेदारी व्हाइट-बॉल हेड कोच माइक हेसन और एश्ले नोफके संभालेंगे।
तीसरे टेस्ट के लिए पाकिस्तान टेस्ट स्क्वाड
बाबर आजम (कप्तान), अब्दुल्ला फजल, अराफात मिन्हास, अजान आवैस, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अली, मुहम्मद इमरान, मोहम्मद इमरान जूनियर, मुहम्मद गाजी घोरी (विकेटकीपर), रजाउल्लाह, साद बेग (विकेटकीपर), सैम अयूब, साजिद खान, सऊद शकील, शान मसूद और उबैद शाह।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 1 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




