मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
खेल

बैंकॉक के लुम्पिनी स्टेडियम में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे शिवम चौरसिया

काटप्रो के-1 टूर्नामेंट में भारत से एकमात्र खिलाड़ी के रूप में उतरेंगे शिवम

इंदौर। थाईलैंड बैंकॉक में आयोजित होने वाली प्रोफेशनल किकबॉक्सिंग टूर्नामेंट के लिए भारतीय किकबॉक्सिंग टीम में एमेच्योर स्पोर्ट्स किकबॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ मध्य प्रदेश के किकबॉक्सर शिवम चौरसिया का चयन किया गया है। यह आयोजन विश्व प्रसिद्ध लुम्पिनी स्टेडियम थाईलैंड बैंकॉक में किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित काटप्रो के-1 चैंपियनशिप में भारत के उभरते किकबॉक्सर शिवम चौरसिया 27 जुलाई को भारत से एकमात्र खिलाड़ी के रूप में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। 54 केजी के-1 कैटेगरी में होने वाली इस प्रोफेशनल फाइट में शिवम का मुकाबला थाईलैंड के पवुन्ना थेराफत से होगा। भारतीय दल वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन के अध्यक्ष संतोष कुमार अग्रवाल के नेतृत्व और मार्गदर्शन में बैंकॉक जा रहा है। इस टीम के साथ कोच के रूप में एमेच्योर स्पोर्ट्स किकबॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ मध्य प्रदेश के महासचिव आशुतोष दाधीच भी शामिल हैं। काटप्रो टूर्नामेंट को वाको सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय किकबॉक्सिंग संस्थाओं का समर्थन प्राप्त है। विश्व प्रसिद्ध लुम्पिनी स्टेडियम में फाइट करना किसी भी किकबॉक्सर के लिए अत्यंत गौरव और उपलब्धि का विषय माना जाता है। शिवम चौरसिया की इस अंतरराष्ट्रीय फाइट को लेकर खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह है। सभी को उम्मीद है कि शिवम शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए जीत दर्ज करेंगे और बैंकॉक में तिरंगा लहराएंगे। शिवम को भारतीय टीम में चुने जाने पर एमेच्योर स्पोर्ट्स किकबॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ मध्य प्रदेश के अध्यक्ष विनोद सोनडवले, संतोष राठौर,ब्रिज सिंह, नरेंद्र चौहान ने हार्दिक शुभकामनाएं दी।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 25 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें