मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
खेल

अनिका ने जीता स्वर्ण

अवनि-अनन्या की जोड़ी ने रजत, अवनि ने कांस्य भी जीता

इंदौर। 43वीं सब-जूनियर एवं 52वीं जूनियर नेशनल एक्वाटिक चैंपियनशिप-2026 के दूसरे दिन डाइविंग स्पर्धाओं में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य सहित तीन पदक हासिल किए। प्रतियोगिता का आयोजन आईडीए इंटरनेशनल स्विमिंग पूल, स्कीम नंबर 94, पिपलियाहाना स्क्वायर, इंदौर में किया जा रहा है।

डाइविंग के गर्ल्स जी-3 स्प्रिंग बोर्ड में मध्यप्रदेश की अनिका आनंद चौरसिया ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 209.20 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। महाराष्ट्र की कनक अशोक शंकु 190.45 अंकों के साथ दूसरे तथा महाराष्ट्र की मानसविनी शशिकांत सावंत 173.00 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं गर्ल्स जी 1-2 प्लेटफार्म सेंक्रो में मध्यप्रदेश की अवनि यादव एवं अनन्या यादव की जोड़ी ने 119.52 अंकों के साथ रजत पदक जीता। इस स्पर्धा में महाराष्ट्र की मानसवी राजशेखर माने एवं श्रावणी प्रताप सूर्यवंशी की जोड़ी प्रथम रही।

इसके अलावा गर्ल्स जी-1 1 मीटर स्प्रिंग बोर्ड में मध्यप्रदेश की अवनि यादव ने 219.95 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल करते हुए कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा में महाराष्ट्र की श्रावणी प्रताप सूर्यवंशी प्रथम तथा तमिलनाडु की मृणालिनी के. कुमार दूसरे स्थान पर रहीं। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के अंतर्गत जूनियर वॉटरपोलो नेशनल्स के दूसरे दिन भी बालक एवं बालिका वर्ग में लीग मुकाबले खेले गए। बालिका वर्ग में कर्नाटक ने तमिलनाडु को 8-3, महाराष्ट्र ने असम को 10-1, केरल ने दिल्ली को 16-1 तथा बंगाल ने ओडिशा को 9-8 से पराजित किया। बालक वर्ग में बंगाल ने आंध्र प्रदेश को 12-1, तमिलनाडु ने असम को 13- 1 तथा हरियाणा ने दिल्ली को 17-2 से हराया। मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और दर्शकों को रोमांचक वॉटरपोलो देखने को मिला।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 9 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें