मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
खेल

आगम, अभिनव, देवांग और सौरव प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचे

रोमांचक मुकाबलों में मिली जीत

इंदौर। मध्य प्रदेश बिलियर्ड्स एंड स्नूकर एसोसिएशन के तत्वावधान में खेली जा रही 40वीं एमपी स्टेट स्नूकर चैंपियनशिप में युवा खिलाड़ियों ने अपना दबदबा कायम रखा है। नेहरू स्टेडियम स्थित बिलियर्ड्स एकेडमी में जारी इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के दूसरे दौर में आगम गंगवाल, अभिनव रघुवंशी, देवांग सिंह और सौरभ श्रीवास्तव ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अंतिम-16 (प्री-क्वार्टर फाइनल) में जगह पक्की कर ली।

दूसरे दौर के मुकाबलों में आगम गंगवाल ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दिव्यप्रकाश को एकतरफा अंदाज में 2-0 से शिकस्त दी। आगम के सटीक शॉट्स के आगे दिव्यप्रकाश एक भी प्रेम अपने नाम नहीं कर सके। वहीं, एक अन्य मुकाबले में अभिनव रघुवंशी ने चपलता और सटीक गेम का मुजाहिरा करते हुए आदित्य चतुर्वेदी को 2-0 से हराकर टॉप-16 में प्रवेश किया। प्रतियोगिता के अन्य मैचों में देवांग सिंह को आर्यन तिवारी के खिलाफ कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने संयम बनाए रखते हुए 2-1 से रोमांचक जीत दर्ज की। सौरभ श्रीवास्तव ने वीरेंद्र शर्मा को 2-0 से हराया। अर्जन आनंद ने सुमित परदेशी को 2-0 से मात दी। प्रियंक जायसवाल ने निक्कु पिल्लई पर 2-0 से आसान जीत दर्ज की।

अनुराग गिरी ने सैय्यद हसन को 2-0 से पराजित किया। पीयूष जायसवाल ने अमन गुप्ता को 2-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।

आज से सीनियर बिलियर्ड्स के मुकाबले-

एकेडमी इंचार्ज एवं मुख्य रैफरी सुजीत गेहलोत ने बताया कि चैंपियनशिप के तहत शुक्रवार से सीनियर बिलियर्ड्स स्पर्धा के मुकाबले भी शुरू होने जा रहे हैं।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 24 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें