सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
धर्म

गणेश चतुर्थी निकल गई तब जाकर हुआ खजराना मंदिर की राह का पेंचवर्क

कई मार्गों की हालत खराब निगम अधिकारियों की लापरवाही एक बार फिर उजागर

श्री गणेश चतुर्थी का पर्व निकल गया उसके बाद जाकर इंदौर नगर निगम की टीम के द्वारा ठेकेदार के माध्यम से खजराना गणेश मंदिर तक जाने वाले रास्ते का पेंंचवर्क करवाया गया। इस मामले में इंदौर नगर निगम के अधिकारियों की लापरवाही एक बार फिर उजागर होकर सामने आ गई है।

शहर में लाखों लोग खजराना गणेश मंदिर को मानते हैं। ऐसे लोग खासतौर पर गणेश चतुर्थी जैसे मौके पर मंदिर पर अपने आराध्य का दर्शन करने के लिए जाते हैं। इस बार जब लोग खजराना मंदिर दर्शन के लिए गए तो उन्हें रास्ते में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। खजराना चौराहा से लेकर खजराना मंदिर तक की सड़क की हालत खराब हो रही थी। खजराना गणेश मंदिर पर गणेश चतुर्थी को बप्पा को मोदक का भोग लगाने के लिए परंपरा के अनुसार कलेक्टर शिवम वर्मा और नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल भी पहुंचे थे। जब यह दोनों अधिकारी मंदिर पर थे तब लोगों ने खराब सड़क की शिकायत की। यह शिकायत सामने आते ही कलेक्टर ने निगम कमिश्नर से कहा कि अभी हम भी उसी रास्ते से आए हैं और देखा है कि सड़क की हालत बहुत खराब है। कम से कम इस सड़क का पेचवर्क तो करवा देना चाहिए।

कलेक्टर के इतना कहने के बाद निगम आयुक्त के द्वारा तत्काल अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर को कॉल किया गया। उन्हें बताया गया कि खजराना गणेश मंदिर के श्रद्धालु परेशान हो रहे हैं इसलिए इस रास्ते का पेंचवर्क कराया जाए। इस निर्देश के बाद कल रात में निगम के द्वारा इस रास्ते का पेचवर्क करवाया गया। अब जब गणेश चतुर्थी हो गई लोग परेशान हो गए तब जाकर निगम ने पैच वर्क करवाया है। वैसे भी मंदिर पर दर्शन करने वालों का दबाव गणेश चतुर्थी के दिन ही सबसे ज्यादा रहता है। उसके बाद में गणेश उत्सव के शेष दिनों में तो कम संख्या में ही श्रद्धालु मंदिर तक पहुंचते हैं। खैर देर से जागे पर जागे तो सही… इसी तर्ज पर अब जाकर मंदिर के पहुंच मार्ग का पेच वर्क हो पाया है। शहर में बहुत सारी सडकें ऐसी है जहां पर की बड़ी संख्या में गड्ढे हो चुके हैं। इन गड्डों के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने में निर्धारित समय से ज्यादा समय लगाना पड़ता है।

झांकी मार्ग की हालत भी सभी ने देखी

12 दिवसीय गणेश उत्सव का समापन अनंत चतुर्दशी के दिन होगा। इस दिन इंदौर में परंपरागत चल समारोह निकलता है जिसमें की झांकियां निकाली जाती है। इस चल समारोह के मार्ग का दौरा पिछले दिनों निगम के अधिकारियों और महापौर परिषद के सदस्यों के द्वारा किया गया है। इस दौरे के दौरान भी इस मार्ग पर कई स्थानों पर गड्ढेदार सड़क नजर आई है। अब इस सड़क को भी सुधारने का काम निगम के द्वारा किया जाएगा। निगम के अधिकारियों को पहले से इस बात का एहसास नहीं हुआ कि जब सड़क की हालत इतनी खराब है तो यहां से झांकियां लेकर चल समारोह कैसे निकलेगा।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 16 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें