इंदौर के सियागंज क्षेत्र में हाउसिंग बोर्ड द्वारा करीब 25 करोड़ से ज्यादा लागत वाले बड़े व्यवसायिक प्रोजेक्ट की साढ़े तीन साल बाद भी रफ्तार धीमी है। जबकि अब तक यह प्रोजेक्ट पूरा हो जाना था। आबकारी विभाग की जमीन पर पांच मंजिला इमारत बनकर भले ही तैयार हो गई हो लेकिन अभी यहां कई छोटे-मोटे काम बाकी है। वहीं काम की धीमी रफ्तार को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सियागंज व्यापारियों का कहना है कि आखिर हमारे क्षेत्र में नवीन शॉपिंग कांपलेक्स की सौगात कब मिलेगी। जबकि इसको लेकर करीब चार साल से काम चल रहा है। व्यापारियों का कहना है कि बिल्डिंग तो बनकर तैयार हो गई है लेकिन फिनिशिंग सहित अन्य बचे कार्य चल रहे है। मगर काम की रफ्तार बेहद धीमी है। जिससे अभी यह बताना मुश्किल है कि सियागंज क्षेत्र में व्यापारियों की सुविधा के लिए हाउसिंग बोर्ड द्वारा करोड़ों रुपए खर्चकर तैयार करवाई जा रही नई और आधुनिक सुविधाओं वाली बड़ी बिल्डिंग का काम दिवाली से पहले पूरा हो पाएगा। साथ ही यहां दिवाली से पहले व्यवसायिक गतिविधियां शुरू हो पाएगी।
23 हजार स्केवयर फीट जगह पर 100 दुकानों वाला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स-
गौरतलब है कि सियागंज क्षेत्र में करीब 100 से ज्यादा दुकानों वाला आधुनिक सुविधाओं वाला नवीन भव्य शॉपिंग कंपलेक्स बनकर तैयार हो रहा है। जिसको लेकर आबकारी विभाग की जमीन पर हाउसिंग बोर्ड द्वारा करीब साढ़े तीन साल से भी ज्यादा समय से काम किया जा रहा है। हालांकि काम की रफ्तार धीमी होने के कारण अब तक इस बड़े शॉपिंग कंपलेक्स का काम पूरा नहीं हो पाया है। अभी केवल बिल्डिंग बनकर ही तैयार हुई है। फिलहाल फिनिशिंग कार्य एवं रंगाई – पुताई का कार्य अंतिम दौर में चल रहा है। हालांकि शॉपिंग कांपलेक्स का काम पूरा होने में अभी एक से से डेढ़ माह का समय और लगेगा। उसके बाद क्षेत्र के व्यापारियों को एक स्थान पर नई और आधुनिक सुविधाओं के साथ करीब 100 दुकान और व्यावसायिक हाल के साथ इस परिसर की सौगात मिलेगी। अधिकारियों का कहना है कि हमारा प्रयास हर कि दिवाली से पहले बेहद जल्द यहां का काम पूरा करवाने की तैयारी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 11 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें






