पूर्व विधायक स्व. रामलाल यादव भल्लू ने 28 वर्ष पूर्व बाणेश्वर कुंड से बाणेश्वर महादेव की सवारी यात्रा शुरू की थी, जिसे उनके पुत्र कांग्रेस नेता दीपू यादव ने भी जारी रखा। आज बाणेश्वर महादेव बाणेश्वर कुंड से रथ पर सवार होकर भक्तों को दर्शन देने निकले। रथ की भी विशेष सजावट की गई थी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और राजनेता भी इस यात्रा में शामिल हुए। पूरे रास्ते में जगह-जगह मंच लगे हुए थे जहां से बाणेश्वर महादेव और श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। बाबा आज खुद भक्तों को दर्शन देने के लिए निकले तो भक्तों ने पलक पावड़े बिछाए। बड़ी संख्या में साधु-संत भी मौजूद रहे। इस यात्रा में बैंड-बाजे, ढोल-ताशे, अखाड़े, मलखम, लोक-नर्तक, ऊंट, घोड़े, भूत, प्रेत, अघौरी, चुड़ेल की टोली, भजन मण्डली, डीजे गाड़ी, डमरू और झांझ, महिला भजन मण्डली, झांकियां, धूप-धुपाड़ा सहित देवी-देवताओं आदि की वेशभूषा में भक्त शामिल हुए। यह यात्रा बाणेश्वर कुंड बाणगंगा से मरीमाता चौराहा होते हुए महेश गार्ड लाइन, वृंदावन कालोनी से वापस बाणेश्वर मंदिर पहुंची। यात्रा के समापन पर आरती भी दोपहर में की जाएगी। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत, राजनेता मौजूद रहे। रथ को श्रद्धालु अपने हाथों से खेंचकर आगे ले जा रहे थे, जगह-जगह फरियाली खिचड़ी, फलाहार, ठंडाई और जल का वितरण किया गया। पूरे आयोजन का श्रेय प्रदीप यादव दीपू को गया, जो कांग्रेस की ओर से विधानसभा प्रभारी है और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी है और यादव समाज से भी जुड़कर वे यहां भी वरिष्ठ है, इसलिए बड़ी संख्या में यादव समाजजन भी मौजूद रहे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 17 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें






