मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
राजनीति

पूर्व विधायक अर्पण कराएंगे ढाई किलोमीटर लम्बी चुनरी

रविवार को निकलेगी बड़ा गणपति से माँ बिजासन तक यात्रा

कुछ गेप के बाद पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता रविवार 18 अक्टूबर को सुबह 10 बजे बड़ा गणपति से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी में बिजासन माता के दरबार तक चुनरी यात्रा निकालेंगे। लाखों सितारों से सजी 2.5 कि.मी. लम्बी चुनरी पूर्ण होने के बाद माँ को अर्पण की जाएगी। सैकड़ों की संख्या में चुनरी रक्षक तैनात रहेंगे जो यातायात को बाधित नहीं होने देंगे, तीन समानान्तर वैकल्पिक मार्ग भी रहेंगे। आज मीडिया से चर्चा करते हुए पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता ने बताया कि कुछ गेप के बाद खासतौर से मातृशक्तियों के आग्रह पर फिर से यह चुनरी यात्रा प्रारंभ की गई है। यह धार्मिक यात्रा बड़ा गणपति से अग्रसेन चौराहा, कालानी नगर चौराहा से एयरपोर्ट थाना के सामने बड़ा मंच बनेगा वहां पहुंचेगी। रास्ते में जगह- जगह माँ की चुनरी और माता के भक्तों का स्वागत होगा। बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष, युवा भी शामिल होंगे। यातायात परिवर्तित भी होगा। एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को छोटा बांगड़दा से सुपर कारिडोर होते हुए एयरपोर्ट जाना होगा। बिजासन मार्ग फोर लेन है और टू-लेन पर चुनरी यात्रा निकलेगी और टू-लेन पर यातायात पूरी तरह चालू रहेगा। जहां- जहां मंचों से स्वागत होगा वहां सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं किया जाएगा। मंच से खिचड़ी, छाछ, फल, जल वितरित होगा, जो कागज से बनी हुई प्लेट का उपयोग करेंगे। सूरत के मुस्लिम कारीगरों द्वारा माँ बिजासन को अर्पण करने वाली 2 लाख सलमा सितारों वाली चुनरी में चमक के साथ गोटे और अन्य वस्तुएं लगाई गई है। यात्रा के दौरान कई संत भी बग्घी में बैठकर यात्रा में शामिल रहेंगे।

एयरपोर्ट थाना के सामने मंच पर प्रमुख नेता संबोधित करेंगे। निमंत्रण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नरेन्द्रसिंह तोमर, हेमंत खंडेलवाल और बड़े नेताओं के अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी दिए गए हैं।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 13 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 13 अक्टूबर 2026, पृष्ठ 2