पोस्ट ऑफिस डाकघर में पैसा जमा करने वालों के लिए बड़ा अपडेट है। हाल ही में डाक विभाग द्वारा जारी नए नियम के तहत अब 500 रुपए मिनिमम बैलेंस से लेकर अकाउंट बंद होने तक के कई नियम में बदलाव किया गया है। जिसके तहत अगर आप भी पोस्ट ऑफिस की सेविंग स्कीम में पैसा जमा करते हैं, तो आपके लिए यह बेहद जरूरी खबर है। दरअसल भारतीय डाक विभाग ने पोस्ट ऑफिस सेविंग बैंक (पीओएसबी) के नियमों को लेकर नया मैनुअल जारी किया है। जिसके अंतर्गत हाल ही में इसी माह जारी पीओएसबी सीबीएस मैन्युअल 2026 में मुख्य रूप से बचत खातों, पैसे निकालने, अकाउंट ट्रांसफर, केवायसी, नॉमिनी और अन्य बैंकिंग प्रक्रियाओं से जुड़े नियमों को एक जगह शामिल किया गया है।
चार साल बाद हुआ नियमों में बदलाव
करीब चार साल बाद जारी हुए इस नए मैनुअल में पोस्ट ऑफिस के कर्मचारियों और खाताधारकों के लिए कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई हैं। खास बात यह है कि सेविंग अकाउंट में न्यूनतम बैलेंस, निष्क्रिय खाते और समय से पहले अकाउंट बंद करने जैसे नियमों को भी स्पष्ट किया गया है। डाक विभाग ने नियमों के तहत नया मेन्युअल पीओएसबी जारी किया है। चार साल पहले फरवरी 2022 में पुराना मैनुअल जारी किया गया था। वहीं नए मैनुअल में 31 मार्च 2026 तक जारी किए गए संबंधित आदेशों और निर्देशों को भी इसमें शामिल किया गया है। बड़ी बात यह है कि नए नियमों के मैनुअल को डाक विभाग ने दो अलग – अलग हिस्सों में बांटा है। पहले भाग में 22 अध्याय और दूसरे भाग में 29 परिशिष्ट शामिल हैं। इनमें सेविंग अकाउंट, आरडी, टीडी, एमआईएस, एससीएसएस, पीपीएफ, सुकन्या समृद्धि योजना, केवीपी और एनएससी जैसी योजनाओं से जुड़ी प्रक्रियाएं शामिल हैं।
सेविंग अकाउंट में 500 रुपए मिनिमम बैलेंस जरूरी
पोस्ट ऑफिस सेविंग अकाउंट में 500 रुपए मिनिमम बैलेंस जरूरी कर दिया है। जिसके तहत पोस्ट ऑफिस सेविंग अकाउंट रखने वाले ग्राहकों को न्यूनतम बैलेंस का ध्यान रखना होगा। नए मैनुअल के अनुसार, सेविंग अकाउंट में 500 रु. का न्यूनतम बैलेंस बनाए रखना जरूरी है। अगर खाताधारक निर्धारित न्यूनतम बैलेंस नहीं रखता है, तो सालाना 50 रु. का शुल्क (18% जीएसटी सहित) लगाया जा सकता है। अगर खाते का बैलेंस शून्य हो जाता है, तो खाता अपने आप बंद हो सकता है। इसलिए जिन लोगों ने लंबे समय से अपने पोस्ट ऑफिस सेविंग अकाउंट में लेनदेन नहीं किया है, उन्हें बैलेंस जरूर चेक करना चाहिए।
तीन साल तक लेनदेन नहीं किया तो अकाउंट हो सकता है साइलेंट
पोस्ट ऑफिस खाताधारकों के लिए दूसरा महत्वपूर्ण नियम निष्क्रिय खातों से जुड़ा है। अगर किसी सेविंग अकाउंट में लगातार तीन पूरे वित्त वर्ष तक कोई जमा या निकासी नहीं होती है, तो उसे साइलेंट अकाउंट माना जा सकता है। ध्यान देने वाली बात यह है कि खाते में ब्याज जमा होने को सामान्य लेनदेन नहीं माना जाएगा। ऐसे में खाताधारकों को समय-समय पर अपने खाते में जमा और निकासी जैसी गतिविधियां करते रहना चाहिए।
दूसरी ब्रांच में ट्रांसफर पर लगेगा चार्ज
पोस्ट ऑफिस अकाउंट दूसरी ब्रांच में ट्रांसफर कराने पर चार्ज लगेगा। अगर आप अपना पोस्ट ऑफिस सेविंग अकाउंट एक डाकघर से दूसरे डाकघर में ट्रांसफर कराना चाहते हैं, तो इसके लिए निर्धारित शुल्क देना पड़ सकता है। नए मैनुअल में अकाउंट ट्रांसफर के लिए 100 रुपए और लागू जीएसटी का उल्लेख किया गया है। इसलिए अकाउंट ट्रांसफर कराने से पहले संबंधित पोस्ट ऑफिस से शुल्क की जानकारी जरूर लें।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 24 November 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें





