सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

आज फिर पाकिस्तान को मात देने उतरेगी भारतीय महिला टीम

अब तक 17 में से 14 बार जीत हासिल कर चुकी है

दुबई। विमेंस एशिया कप 2026 के 9वें मुकाबले में भारत की भिड़ंत आज शनिवार को पाकिस्तान से होगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ अपने शानदार रिकॉर्ड को इस मुकाबले में भी बरकरार रखना चाहेगी। भारतीय टीम के लिए अब तक टूर्नामेंट में सब कुछ सही घटा है। थाईलैंड को पहले मैच में हराने के बाद टीम इंडिया ने हांगकांग को 137 रनों से रौंदा। बल्लेबाजी में स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की जोड़ी शानदार फॉर्म में है। मंधाना ने हांगकांग के खिलाफ शतकीय पारी खेली थी, जबकि शेफाली ने थाईलैंड के खिलाफ अर्धशतक लगाया था।

भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक कुल 17 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। इसमें से 14 मुकाबलों में हरमनप्रीत एंड कंपनी ने जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को 3 मुकाबलों में जीत नसीब हो सकी है। दोनों टीमों के बीच आखिरी भिड़ंत महिला टी20 वर्ल्ड कप में हुई थी, जहां भारतीय टीम ने 64 रनों से जीत दर्ज की थी। भारतीय महिला टीम को टी20 इंटरनेशनल में पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी हार 2022 में एशिया कप में ही मिली थी। पाकिस्तान ने विमेंस एशिया कप 2026 का आगाज थाईलैंड को 35 रनों से हराकर किया है। बल्लेबाजी में मुनीबा अली ने थाईलैंड के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेली थी। हालांकि, उनको छोड़कर टीम की बाकी बल्लेबाज रनों के लिए संघर्ष करती नजर आई थीं। गेंदबाजी में सादिया इकबाल ने महज 11 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए थे, जबकि तुबा हसन भी 2 विकेट निकालने में सफल रही थीं। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में पिच अब तक स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार रही है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 5 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें