इंदौर। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के बिजलपुर इलाके में बेकाबू रफ्तार से वाहन चलाने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। बिना नंबर की वर्ना कार से आए चार युवकों ने टोकने से नाराज होकर फरियादी के साथ जमकर अभद्रता की और हाथ-मुक्कों से उसकी बेदर्दी से पिटाई कर दी। हमले में पीड़ित के मुंह और पैर में चोटें आई हैं। फरियादी की शिकायत पर राजेंद्र नगर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। राजेंद्र नगर पुलिस के अनुसार, घटना बिजलपुर क्षेत्र की है। मामले में पीड़ित कमल पिता देवनारायण परमार, निवासी बिजलपुर ने थाने पहुंचकर आपबीती बताई और रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी आलोक पटेल, मयंक, सागर और मिलन के खिलाफ केस दर्ज किया है। फरियादी कमल ने पुलिस को बताया कि आरोपी बिना नंबर की सफेद वर्ना कार में सवार होकर आए थे और रहवासी इलाके में गाड़ी को बेहद तेज और लापरवाहीपूर्वक चला रहे थे। हादसे की आशंका को देखते हुए जब कमल ने उन्हें गाड़ी धीमी चलाने की हिदायत दी, तो आरोपी उग्र हो गए। चारों आरोपी तुरंत वाहन से नीचे उतरे और फरियादी के साथ गाली-गलौज करने लगे। जब पीड़ित ने गालियां देने से मना किया और शांत रहने को कहा, तो आलोक पटेल, मयंक, सागर और मिलन ने मिलकर उस पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने फरियादी को घेरकर हाथ-मुक्कों से ताबड़तोड़ पीटा, जिससे उसके दाहिने पैर और मुंह पर गंभीर चोटें आईं।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 24 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



