इंदौर। शहर में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए हीरा नगर थाना पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शहर के अलग- अलग इलाकों से चुराई गई तीन दोपहिया गाड़ियां बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 3 लाख रुपये आंकी गई है।

हीरा नगर थाना पुलिस के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एमआर- 10 ब्रिज के पास सर्विस रोड पर एक संदेही व्यक्ति मोटरसाइकिल के साथ संदिग्ध हालात में खड़ा है। सूचना मिलते ही थाना टीम तत्काल मौके पर रवाना हुई और संदिग्ध की घेराबंदी की। पुलिस बल को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया। पकड़े गए संदिग्ध से जब उसके पास मौजूद वाहन के कागजात और मालिकाना हक के संबंध में पूछताछ की गई, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। गाड़ी के नंबर और दस्तावेजों की जांच करने पर पता चला कि उक्त मोटरसाइकिल हीरा नगर थाने में दर्ज अपराध चोरी गई थी, जिसका नंबर एमपी-09 एलजी 4301 है। कड़ाई से पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने केवल यही गाड़ी नहीं, बल्कि इसके अलावा दो अन्य मोटरसाइकिलें भी चोरी की हैं, जिन पर वर्तमान में नंबर प्लेट नहीं लगी हुई है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसकी कुल तीन गाड़ियां जब्त की हैं, जिनमें एक पैशन प्रो स्प्लेंडर एमपी 09 एलजी 4301 और दो होंडा शाइन मोटरसाइकिलें बिना नंबर की शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान कालू पिता मेहरु मेढा, निवासी ग्राम होलीबेडा, जिला धार के रूप में हुई है। हीरा नगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वाहन चोरी की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से यह पूछताछ कर रही है कि उसने ये वाहन कहां-कहां से चुराए हैं और इस वाहन चोरी के नेटवर्क में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 15 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



