सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

इंस्टाग्राम फ्रैण्ड ने किया शादी से इंकार और दी फोटो वायरल करने की धमकी

लसूडिया थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर महिला को ब्लैकमेल करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती…

लसूडिया थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर महिला को ब्लैकमेल करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद जब महिला को आरोपी की सच्चाई और उसकी नशाखोरी का पता चला तो उसने शादी से साफ इंकार कर दिया। इसके बाद से आरोपी लगातार महिला पर शादी का दबाव बनाने लगा और बात न करने पर निजी फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकियां देकर प्रताड़ित करने लगा। पीड़िता की शिकायत पर लसूडिया थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, लसूडिया क्षेत्र की रहने वाली 38 वर्षीय पीड़िता ने थाने में उपस्थित होकर आपबीती दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि वह पिछले तीन सालों से अपने पति से अलग रह रही है। कुछ समय पूर्व उसकी दोस्ती इंस्टाग्राम के माध्यम से योगेश राजपूत निवासी हाटपिपल्या, जिला देवास से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी योगेश ने उसे शादी के लिए प्रस्ताव दिया था। पीड़िता को लगा कि योगेश उसके ही समाज का है और विवाह के बाद वह खुशहाल जीवन बिता सकेगी, इसलिए उसने शुरुआती सहमति जता दी थी। हालांकि, कुछ ही समय बाद पीड़िता को जानकारी मिली कि योगेश नशे का आदी है और उसका आचरण ठीक नहीं है। असलियत सामने आते ही पीड़िता ने आरोपी से दूरी बना ली और शादी करने से स्पष्ट इंकार कर दिया। इसी बात से नाराज होकर आरोपी योगेश राजपूत उस पर शादी के लिए बेजा दबाव बनाने लगा। आरोपी लगातार फोन कर अश्लील गालियां देने लगा और जबरन बातचीत करने का दबाव बनाने लगा। बात न करने पर आरोपी ने महिला को उसके फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर समाज में बदनाम करने तथा जान से मारने की धमकियां देना शुरू कर दिया। लगातार मिल रही धमकियों और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली। लसूडिया थाना पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपी योगेश राजपूत के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 5 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें