महू थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी को परेशान करने, उसका पीछा करने और विरोध करने पर उसके घर के मुख्य गेट पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी और उसके एक अन्य साथी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
महू थाना पुलिस के अनुसार 16 वर्षीय नाबालिग पीड़िता ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवराज उर्फ चीनी निवासी अन्ना कॉलोनी, तेलीखेड़ा महू और उसका एक अन्य साथी लगातार उस पर बुरी नीयत से नजर रखे हुए थे और आरोपी उसका पीछा कर जबरन बातचीत करने का दबाव बनाते थे। पीड़िता और उसके परिजनों द्वारा इन हरकतों का कड़ा विरोध करने पर आरोपियों की हिम्मत और बढ़ गई। आरोपियों ने रंजिश के चलते पीड़िता के घर को निशाना बनाया और घर के मुख्य गेट पर पेट्रोल डालकर उसमें आग लगा दी। इस दुस्साहसिक वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई और परिवार में दहशत का माहौल बन गया।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 13 November 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें


