रविवार, 8 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

दहशत फैलाने वाला बदमाश फरसे के साथ गिरफ्तार

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा, थाने में गिड़गिड़ाने लगा

दहशत फैलाने वाला बदमाश फरसे के साथ गिरफ्तार

इंदौर। शहर में कानून व्यवस्था और सुरक्षा को चुनौती देने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में छत्रीपुरा थाना पुलिस ने गंगवाल बस स्टैंड के पास से एक ऐसे दबंग बदमाश को धर दबोचा, जो हाथ में घातक हथियार फरसा लेकर इलाके में खुलेआम दहशत फैला रहा था। आरोपी का हथियार के साथ आतंक मचाते हुए वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी पुलिस के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा। पुलिस के अनुसार, आरोपी आशीष भाटिया निवासी पंचमूर्ति नगर अपने हाथ में एक नुकीला और घातक फरसा लेकर गंगवाल बस स्टैंड के आसपास घूम रहा था। वह राहगीरों और स्थानीय रहवासियों को डरा- धमकाकर अपनी धौंस जमा रहा था। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उसका फरसा लहराते हुए दहशत फैलाने का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो के वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और छत्रीपुरा थाना पुलिस हरकत में आई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाया और गंगवाल बस स्टैंड क्षेत्र की घेराबंदी कर आरोपी आशीष भाटिया को धर दबोचा। पुलिस ने उसके कब्जे से वह घातक फरसा भी बरामद कर लिया है। खास बात यह रही कि पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद आरोपी के तेवर ठंडे पड़ गए और वह अपनी हरकतों पर शर्मिंदा होने का नाटक करते हुए पुलिसकर्मियों के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 8 November 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 8 November 2026, पृष्ठ 8