इंदौर। औद्योगिक सुरक्षा और विनियामक कानूनों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में एसीपी जूनी इंदौर विजय चौधरी और भंवरकुआं थाना प्रभारी संतोष दूधी ने संयुक्त रूप से पालदा उद्योग नगर स्थित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने ‘पॉइजन एक्ट’, केमिकल के रख-रखाव और अन्य सुरक्षा सावधानियों के संबंध में फैक्ट्रियों के संचालकों और प्रबंधकों से विस्तृत चर्चा की।

निरीक्षण अभियान के तहत अधिकारियों ने सबसे पहले पालदा उद्योग नगर स्थित ‘पारुल ट्रेडिंग कंपनी’ का जायजा लिया। इस इकाई के ऑनर गोपाल गुप्ता के साथ-साथ रिफाइनरी सेक्शन मैनेजर अर्जुन सिंह दावरे, प्रोडक्शन मैनेजर मुकेश जैन और वहां कार्यरत वर्कर्स से चर्चा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। फैक्ट्री में सोया बायो प्रोडक्ट का कार्य कर पशु आहार तैयार किया जाता है। अधिकारियों ने उत्पादन प्रक्रिया और केमिकल स्टोरेज के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की समीक्षा की। इसके पश्चात, अधिकारियों की टीम ने पालदा उद्योग नगर स्थित सोहम केमिकल का भी निरीक्षण किया। इस फैक्ट्री में साबुन और सर्फ का निर्माण किया जाता है। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री ओनर दीपक शिवलानी और वहां के कामगारों से आवश्यक चर्चा कर पॉइजन एक्ट और केमिकल हैंडलिंग से जुड़े सुरक्षा नियमों के पालन पर जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने निर्देश दिए कि फैक्ट्रियों में सभी सुरक्षा मानकों और विधिक प्रावधानों का कड़ाई से पालन किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय दुर्घटना से बचा जा सके।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 8 November 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




