रविवार, 8 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

एक साथ 10 परीक्षाओं की अधिसूचना जारी करेगा पीएससी

परीक्षा के पहले तकनीकी बाधाएं दूर होंगी, एमपी पीएससी की बड़ी तैयारी

एक साथ 10 परीक्षाओं की अधिसूचना जारी करेगा पीएससी

इंदौर। एमपी पीएससी अगले माह दिसंबर में 10 बड़ी परीक्षाओं की अधिसूचना जारी करेगा। इसमें स्टेट-फॉरेस्ट सर्विस एग्जाम-2027 व स्टेट इंजीनियरिंग सर्विस, आयुर्वेद होम्योपैथी और यूनानी मेडिकल ऑफिसर और सहायक प्राध्यपक भर्ती परीक्षा भी शामिल हैं। इस बार 2026 की तुलना में ज्यादा परीक्षाएं होंगी, पद भी ज्यादा रहेंगे। उससे पहले तकनीकी दिक्कत दूर की जाएगी। क्योंकि ओबीसी आरक्षण मामले में 87- 13 फार्मूला जारी रहेगा या हटेगा,यह दूर करना जरूरी है।

खाली पदों की

जानकारी मिलने लगी- पीएससी ने विभागों को खाली पदों की विस्तृत जानकारी तैयार करने को कहा था। वह मिलने लगी हैं। तीन-चार परीक्षाओं को लेकर सस्पेंस है। इनमें फूड सेफ्टी ऑफिसर, एडीपीओ, मेडिकल ऑफिसर और असिस्टेंट मैनेजर व कुछ अन्य परीक्षाएं शामिल हैं। एडीपीओ की वैकेंसी इस साल ही आई है। एग्जाम भी हो गई है। पद भी 17 से सीधे 107 कर दिए हैं। अब नए पद मुश्किल हैं। असिस्टेंट मैनेजर हेल्थ डिपार्टमेंट के भी 68 पदों की वैकेंसी आई थी तथा चयन सूची भी आ चुकी है। वहीं मेडिकल ऑफिसर के भी बंपर 1832 पदों के इंटरव्यू करवाकर 1200 से ज्यादा की चयन सूची आ चुकी है। इसलिए इन परीक्षाओं की नई वैकेंसी पर सस्पेंस है। हालांकि अभ्यर्थियों की तरफ से फूड सेफ्टी ऑफिसर के नए विज्ञापन की मांग कई माह से लगातार की जा रही है। उनका कहना है वह वैकेंसी 2024 की थी तथा एग्जाम होते-होते व चयन सूची आने तक काफी समय लग गया।

इस बार नया क्या – इस बार ज्यादा पद देना जरूरी है। क्योंकि पांच-छह साल से तमाम परीक्षाओं के 13 फीसदी पद होल्ड पर हैं। ओबीसी आरक्षण मामला अब सुप्रीम कोर्ट में होने से इन पदों पर नियुक्तियां नहीं हो पा रही हैं। इंटरव्यू हो चुके हैं लेकिन चयन सूची होल्ड पर हैं। ये कब घोषित होंगी, तय नहीं। इस वजह से भी खाली पदों की संख्या हर साल बढ़ रही है। एक्सपर्ट्स कहते हैं कम पद होने के कारण प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है। पद होल्ड पर होने से भी अभ्यर्थियों का आत्मविश्वास कमजोर हो रहा है। पिछले दो सालों में प्रमुख परीक्षाओं में पद नाममात्र के दिए गए। उनमें भी जनरल कैटेगरी के बहुत ही कम थे। राज्य सेवा परीक्षा-2025 में जहां 158 पद थे, वहीं राज्य सेवा परीक्षा -2026 में 156 पद ही थे। जबकि स्टेट सर्विस एग्जाम में 2022 तक पदों की संख्या डिमांड के अनुरूप रहती थी, क्योंकि 2019 में 571 पद थे फिर 2020 व 2021 में 260 तथा 289 पद दिए गए। 2022 में राज्य सेवा में 457 पद दिए गए, लेकिन उसके बाद से ढर्रा बिगड़ गया। वन सेवा में तो 30 ही पद थे। यही नहीं, जिस स्टेट इंजीनियरिंग सर्विस एग्जाम में 400 पदों की मांग थी, उसमें सिर्फ 34 पद दिए गए। असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा में भी पद व विषय दोनों घट गए। 2024 में जहां 23 विषयों के 1918 पद थे, वहीं 2025 की वैकेंसी में ये विषय घटकर 19 व पद 1239 रह गए।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 8 November 2026 के अंक में पृष्ठ 7 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 8 November 2026, पृष्ठ 7