इंदौर। हीरानगर पुलिस ने जिला बदर किए गए एक शातिर बदमाश को धर दबोचा है। आरोपी शहर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की नीयत से अवैध चाकू लेकर घूम रहा था और पुलिस आयुक्त के जिला बदर आदेश का खुला उल्लंघन कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक स्प्रिंग वाला अवैध चाकू जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, हीरानगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आईएसबीटी बस स्टैंड के पास एक संदिग्ध युवक चाकू लेकर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल हरकत में आई और आईएसबीटी बस स्टैंड पर पहुँची। पुलिस बल को देखते ही आरोपी वहाँ से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने त्वरित घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पकड़े गए संदिग्ध की तलाशी लेने पर उसके पास से एक स्प्रिंग वाला अवैध चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में उसकी पहचान अभिषेक उर्फ पड़ी के रूप में हुई। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी अभिषेक उर्फ पड़ी के खिलाफ पूर्व से जिला बदर की कार्रवाई संस्थित है और वह पुलिस आयुक्त के जिला बदर आदेश की अवहेलना कर अवैध रूप से शहर की सीमा में घूम रहा था। हीरानगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अवैध हथियार रखने पर आर्म्स एक्ट और जिला बदर आदेश के उल्लंघन पर धारा 14 मध्य प्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 8 November 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें


