राऊ थाना क्षेत्र के सिलिकॉन सिटी के समीप युवकों के बीच आपस में हो रही हंसी-मजाक को लेकर बड़ा विवाद हो गया। वहां खड़े कुछ युवकों ने गलतफहमी के चलते विवाद शुरू कर दिया और विरोध करने पर अपने अन्य साथियों को बुलाकर तीन दोस्तों के साथ जमकर मारपीट कर दी। स्कॉर्पियो और टाटा गाड़ियों में भरकर आए बदमाशों ने फरियादी और उसके दोस्तों पर लाठी-डंडों व लात-घूंसों से हमला बोल दिया। फरियादी की शिकायत पर राऊ थाना पुलिस ने आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, ग्रेट ब्रिटेन सिलिकॉन सिटी निवासी प्रिंस पिता नरेश चौहान ने राऊ थाने में उपस्थित होकर मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी प्रिंस ने बताया कि वह अपने दो दोस्तों के साथ सिलिकॉन सिटी के पास खड़ा होकर आपस में हंसी-मजाक कर रहा था। उसी दौरान पास में ही कुछ अन्य लड़के खड़े थे, जिनमें कंपेल खुड़ैल निवासी सूरज पटेल और उसके साथी शामिल थे।
आरोपी सूरज और उसके साथी प्रिंस व उसके दोस्तों के पास आए और बहस करते हुए बोलने लगे कि तुम लोग किसको बोल रहे हो। फरियादी प्रिंस ने कहा कि वे किसी को कुछ नहीं कह रहे हैं और सिर्फ आपस में मजाक कर रहे हैं। बावजूद इसके आरोपी गालियां देने लगे। जब प्रिंस और उसके दोस्तों ने गालियां देने से इंकार किया, तो आरोपी सूरज पटेल ने फोन करके अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में उसके साथी स्कॉर्पियो और टाटा गाड़ियों में सवार होकर वहां पहुंचे और आते ही तीनों दोस्तों पर टूट पड़े। बदमाशों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए गाड़ियों में सवार होकर भाग निकले।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 6 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



