द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के विदुर नगर स्थित दिग्विजय मल्टी में रास्ते के मामूली विवाद को लेकर एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। मल्टी में जाने के लिए रास्ता मांगने की बात पर आरोपी ने आपा खो दिया और फरियादी को गालियां देते हुए चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में फरियादी घायल हो गया, जिसके बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर द्वारकापुरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, दिग्विजय मल्टी विदुर नगर निवासी कैलाश पिता शंकर प्रजापत ने द्वारकापुरी थाने में उपस्थित होकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी ने पुलिस को बताया कि वे अपनी मल्टी में जाने के लिए रास्ते से गुजर रहे थे, तभी वहीं रहने वाले आरोपी चांदू निवासी विदुर नगर ने रास्ता रोक रखा था। जब कैलाश ने आरोपी से मल्टी के अंदर जाने के लिए रास्ता देने को कहा, तो आरोपी चांदू भड़क गया और फरियादी के साथ अभद्रता करते हुए गालियां देने लगा। फरियादी ने जब गाली-गलौज करने से मना किया, तो आरोपी ने अचानक अपनी जेब से चाकू निकाला और कैलाश पर हमला कर दिया। चाकू के वार से फरियादी को गंभीर चोट आई और वे लहूलुहान हो गए। शोर- शराबा सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, तो आरोपी चांदू फरियादी को दोबारा सामने आने पर जान से खत्म करने की धमकी देता हुआ वहां से भाग निकला।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 6 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



