सांवेर थाना क्षेत्र में उज्जैन मार्ग पर रामा फॉस्फेट कंपनी के पास गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना में इंदौर निवासी एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक घिसटते हुए आग की लपटों में घिर गई और चालक ट्रक के पहियों की चपेट में आ गया।

एसडीओपी देवेंद्र धुर्वे के अनुसार, मृतक की पहचान खातीपुरा इंदौर निवासी मनीष चौधरी के रूप में हुई है। मनीष की सांवेर के समीप कृषि भूमि है, जहां वे खेत का काम निपटाने के बाद देर रात अपनी मोटरसाइकिल से वापस इंदौर लौट रहे थे। इसी दौरान रामा फॉस्फेट कंपनी के सामने पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को भीषण टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि मनीष ट्रक के नीचे आ गए और बाइक काफी दूर तक घिसटने के कारण उसमें आग लग गई। सिर और शरीर में गंभीर चोटें आने के कारण मनीष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड टीम ने मौके पर पहुंचकर जलती हुई बाइक की आग पर काबू पाया। वहीं दुर्घटना से गुस्साए राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने ट्रक पर पथराव कर विरोध जताने की कोशिश की, लेकिन सांवेर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को संभाल लिया। पुलिस ने दुर्घटनाकारित ट्रक को जब्त कर लिया है और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। घटना के बाद से फरार ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 9 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

