होलसेल कपड़ा बाजार के कई वर्षों तक पदाधिकारी रहे हंसराज जैन (हंसू भैया) का मंगलवार को निधन हो गया था। शोकस्वरूप 24 नवंबर को बाजार बंद रहा, वहीं कल कमेटी हॉल में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। बुलंद आवाज वाले हंसू भैया, जिनकी आवाज भी व्यापारी कई बार बाजार में लगे माइक पर सुनते थे, उस आवाज की खामोशी पर जब कल उन्हें याद किया तो सबकी आँखें नम हो गई।
देवी अहिल्या न्यू क्लॉथ मार्केट कंपनी लिमिटेड के चेयरमैन पुरुषोत्तम पसारी ने जैन को याद करते हुए बताया कि उनके जीवन के त्याग और परमार्थ के संकल्प को उनकी देहदान की इच्छा से समझा जा सकता है। उन्होंने अपने पूरे जीवन काल में कई सेवाकार्य किए, वहीं निधन के बाद देहदान के माध्यम से शिक्षा और शोध को संबल देने का काम किया।
जैन को प्रशासन के सामने आवाज उठाने में कभी भी व्यापारियों की भीड़ की जरूरत भी नहीं पड़ी, वे स्वयं अपनी बात किसी के भी सामने मजबूती से रखना जानते थे। व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष रजनीश चौरड़िया, मंत्री कैलाश मूंगड़, निर्मल सेठी, गिरधर गोपाल नागर, विजय नाकोड़ा, कमल नीमा ने भी जैन को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।
क्लॉथ मार्केट बैंक ने भी किया श्रद्धांजलि का आयोजन
श्री इंदौर क्लॉथ मार्केट को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के पूर्व अध्यक्ष हंसराज जैन के निधन पर बैंक ने श्रद्धांजलि का कार्यक्रम आयोजित किया। बैंक अध्यक्ष अमरीश दम्माणी, अमिता पांचाल, जगदीश बाहेती, जितेन्द्र पाटोदी, विजय जैन, अनिल नीमा, सौरभ पाटोदी, केवल सोनी, राजेश आजाद, जगदीशचन्द्र गुप्ता, संतोष मूंदड़ा, मुकेश थावरानी, वासुदेव मूंदड़ा एवं समस्त बैंक स्टाफ उपस्थित थे।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 26 November 2026 के अंक में पृष्ठ 6 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




