आगामी त्योहारी सीजन को लेकर रिटेल गारमेंट बाजार में कारोबारियों की उम्मीदें सकारात्मक हैं। कॉन्फेडरेशन ऑफ मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के फेस्टिव सीजन सर्वे में शामिल कारोबारियों में 50.90 प्रतिशत ने आगामी त्योहारी कारोबार को बेहतर, जबकि 30.60 प्रतिशत ने पिछले स्तर के समान रहने का अनुमान जताया है। 18.50 प्रतिशत कारोबारियों ने कारोबार कमजोर रहने की आशंका व्यक्त की है। अहिल्या चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के संयुक्त सचिव एवं इंदौर रिटेल गारमेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अक्षय जैन ने कहा कि त्योहारी सीजन रिटेल बाजार के लिए महत्वपूर्ण अवसर लेकर आता है। इस बार बाजार में ग्राहकों की पसंद और खरीदारी के रुझान को देखते हुए कारोबारियों में उत्साह है। खासकर भारतीय परिधानों की मांग मजबूत रहने की उम्मीद है। सर्वे के अनुसार त्योहारी सीजन में 44.30 प्रतिशत कारोबारियों ने इंडियन वियर में सबसे मजबूत मांग की संभावना जताई है। इसके बाद वेस्टर्न कैजुअल वियर में 25.10 प्रतिशत, किड्सवियर में 21 प्रतिशत और वेस्टर्न फॉर्मल वियर में 9.60 प्रतिशत मांग की उम्मीद है। इससे स्पष्ट है कि त्योहारों के दौरान पारंपरिक भारतीय परिधान ग्राहकों की पसंद में महत्वपूर्ण स्थान बनाए हुए हैं। जैन ने कहा कि रिटेल बाजार के सामने एक ओर ग्राहकों की बदलती पसंद और दूसरी ओर लागत का दबाव बड़ी चुनौती है। सर्वे में 52 प्रतिशत कारोबारियों ने बढ़ी हुई कच्चे माल की लागत के कारण मार्जिन कम होने की बात कही है, जबकि 39.10 प्रतिशत ने बताया कि इसका असर कीमतों में वृद्धि के रूप में पड़ा है। केवल 9.20 प्रतिशत कारोबारियों ने कहा कि कच्चे माल की बढ़ी लागत का उन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन में बाजार को केवल बिक्री बढ़ाने पर नहीं, बल्कि ग्राहक सुविधा, बेहतर उत्पाद, उचित मूल्य और विश्वास कायम करने पर ध्यान देना होगा। स्थानीय रिटेल बाजार की सबसे बड़ी ताकत ग्राहक से सीधा संबंध, उत्पाद को देखकर खरीदने का अवसर और व्यापारी की व्यक्तिगत जवाबदेही है। इसे और मजबूत करने की आवश्यकता है। जैन ने कहा कि त्योहारी खरीदारी का माहौल पूरे बाजार की आर्थिक गतिविधियों को गति देता है। इसलिए प्रशासन और व्यापारिक संगठनों को बाजारों में स्वच्छता, यातायात, पार्किंग, रोशनी और पैदल आवागमन की बेहतर व्यवस्था पर भी ध्यान देना चाहिए, ताकि ग्राहक सहजता से बाजार तक पहुंच सके और खरीदारी का अनुभव बेहतर हो।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 30 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें


