आज से शहर में दूध के भाव बढ़ गए है। आज शहर की डेरियों एवं दुकानों पर दूध 68 रुपये लीटर बिका। इससे पहले कल तक दूध का भाव 65 रुपये लीटर था। 3 रुपये की बढ़ोत्री दूध के भाव में की गई। है। इन्दौर दूध विक्रेता संघ ने कल ही दूध के भाव बढ़ाने का निर्णय ले लिया था।
दूध के भाव को लेकर विक्रेता संघ और किसानों के बीच खींचतान हो रही थी। किसान 5 रुपये लीटर की बढ़ोत्री चाहते है वहीं विक्रेता संघ 2 से 3 रुपये लीटर की ही बढ़ोत्री चाहता था। इसके बाद 3 रुपये लीटर की बढ़ोत्री करने का फैसला लिया गया। लोधीपुरा स्थित सरस्वती डेरी के संचालक नीलेश नीमा ने बताया कि आज दूध 68 रुपये लीटर बेचा गया। किसान और इन्दौर दूध विक्रेता संघ ने आपसी सहमति के बाद भाव तो बढ़ा दिए लेकिन अब इसका सीधा असर आम नागरिकों की जेब पर पड़ रहा है। संघ ने यह भाव निर्धारित फेट के आधार पर तय किए है, लेकिन उपभोक्ताओं को आशंका बनी हुई है कि उन्हें निर्धारित मापदंड अनुसार उच्च क्वालिटी का दूध मिल रहा है या नहीं। दूध के भाव की बढ़ोत्री का असर अब दूध से बने उत्पादों पर भी पड़ने के आसार बन गए है। दही, पनीर, मिठाई, मावा के भाव भी बढ़ सकते है। पल्हर नगर स्थित कृष्णा डेरी संचालक मोहनलाल गुर्जर ने बताया कि किसानों ने जितनी बढ़ोत्री की है हमने केवल उतने ही भाव बढ़ाए है। बीते 6 माह से कई सामग्रियों के भाव बढ़े है, महंगाई के दौर में शहर के सैकडों चाय स्टाल संचालकों ने 2 रुपये से लेकर 5 रुपये प्रति कप पर बढ़ोत्री की थी, अब दूध के भाव बढ़ने से चाय के भाव बढ़ने के आसार भी बन गए है। हालांकि कई चाय स्टाल संचालक डेरी की दूध की जगह पैकिंग का दूध उपयोग करते है।
वार्षिक सभा में भाव को लेकर हुआ था हंगामा
कल इन्दौर सहकारी दुग्ध संघ की वार्षिक सभा में किसानों ने दूध के भाव की खरीदी सांची द्वारा दर बढ़ाकर की जाए इस मुद्दे पर किसानों ने हंगामा किया था। साधारण सभा में किसानों के मुद्दे पर भाव बढ़ोत्री पर कोई निर्णय नहीं लिया था।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 1 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें


