सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
व्यापार

खेत जाने की बात पर किसान को घेरकर पीटा

चेहरे पर हथियार से हमला कर किया लहूलुहान, सोने का लॉकेट व मोबाइल गायब

इंदौर। खुड़ैल थाना क्षेत्र के ग्राम पिवड़ाय में खेत देखने जा रहे एक किसान के साथ बदमाशों द्वारा मारपीट और हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने गाली- गलौज करते हुए किसान के चेहरे पर किसी धारदार नुकीली वस्तु से वार कर दिया। वारदात के दौरान पीड़ित का सोने का लॉकेट और मोबाइल फोन भी गायब हो गया। खुड़ैल पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम पिवड़ाय निवासी फरियादी रूपेश पिता मूलचंद राठौर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका खेत ताराघाटी में स्थित है। खेत में लगी फसल को मवेशियों से बचाने के लिए वे रोजाना निगरानी करने जाते हैं। घटना के दिन जब वे खेत देखकर अपनी बाइक से वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में दो-तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। फरियादी ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उनके पास आकर कहा कि तू रोज- रोज यहां क्यों आता है और गाली-गलौज करने लगे। जब किसान ने इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने उनके साथ झूमाझपटी और मारपीट शुरू कर दी, जिससे वे बाइक समेत नीचे गिर गए। जैसे ही रूपेश बाइक उठाने लगे, आरोपियों ने उनके चेहरे पर किसी वस्तु से हमला कर दिया, जिससे वे लहूलुहान हो गए। मारपीट की इस घटना के दौरान किसान के गले में पहना सोने का लॉकेट और जेब में रखा मोबाइल फोन भी गायब हो गया। पीड़ित किसी तरह जान बचाकर वहां से भागा, जिस पर जाते-जाते आरोपियों ने उन्हें आइंदा इधर दिखा तो जान से खत्म कर देंगे की धमकी दी। खुड़ैल थाना पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपी धूमसिंह पिता गुलसिंह, निवासी ताराघाटी पिवड़ाय और उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 16 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें