सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
व्यापार

बैंक की आज राष्ट्रव्यापी हड़ताल…निकाली रैली बैंक कर्मियों ने प्रदर्शन कर की नारेबाजी, कल और परसों अवकाश

बैंक ग्राहक तीन दिनों तक होंगे परेशान

आज बैंक की राष्ट्रव्यापी हड़ताल है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंंक यूनियंस के आव्हान पर एक दिवसीय हड़ताल की गई। बजाज खाना चौक स्थित बीओआई बैंक के बाहर प्रदर्शन कर नारेबाजी की गई। इसके बाद आसपास के क्षेत्र में रैली निकाली गई।

साठा बाजार स्थित बैंक के बाहर आज बैंक कर्मियों ने तीन सूत्रीय मांगों के लिए एक दिवसीय हड़ताल की है। अगर बैंक कर्मियों की मांगे पूरी नहीं होती है तो वे अपनी योजना अनुसार इस माह के अंत में 28 से 30 सितम्बर तक तीन दिवसीय हड़ताल करेंगे। वहीं अनिश्चिातकालीन बैंक हड़ताल तक की योजनाएं भी तैयार की गई है। पांच दिवसीय कार्य सप्ताह अनुमोदन में देरी तथा एकतरफा भेदभावपूर्ण पीएलआई भुगतान के विरोध तथा शेष लंबित मांगों के निराकरण के मुद्दों पर सहमति नहीं बन पाने के कारण बैंककर्मी हड़ताल कर रहे है। बैंक फोरम की ओर से भवन कृष्ण शुक्ला, कन्हैया पाटीदार, पंकज पोरवाल, अरविंद पोरवाल, मीनेश कसेरा, नवीन मोदी, सतीश जैन ने बताया कि लम्बित मुद्दे लगातार टाले जा रहे हैं, इसी कारण बैंक कर्मियों को मजबूरन हड़ताल पर जाना पड़ रहा है। बैंक के बाहर आज प्रदर्शन कर नारेबाजी भी की गई। इसके बाद रैली बोहरा बाजार, सराफा होते हुए प्रिंस यशवंत रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया तक पहुंची जहां यूनियन के वरिष्ठजन सभा को सम्बोधित कर रहे है। आज हड़ताल के बाद कल शनिवार और परसों रविवार को बैंक का अवकाश है ऐसे में तीन दिनों तक लगातार बैंकों का काम प्रभावित होगा। आज की हड़ताल से बैंक ग्राहक परेशान हो रहे है।

650 बैंक शाखाएं बंद

बताया जा रहा है कि सार्वजनिक क्षेत्र, संगठित निजी क्षेत्र, सहकारी बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक और अन्य को मिलाकर करीब 848 बैंक शाखाएं है जिसमें से करीब 650 शाखाएं आज बंद है, करीब 4 हजार बैंक कर्मी हड़ताल में शामिल है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 11 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें