इंदौर। प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री दिव्या दत्ता ने इंदौर के सर्राफा की चाट चौपाटी पर जाकर वहां इंदौर के व्यंजन का आनंद लिया। अपनी पहचान को उजागर किए बगैर मुंह पर काला मास्क लगाकर वे सराफा बाजार में पहुंची और वहां उन्होंने खास तौर पर भुट्टे के कीस का आनंद लिया।
अभिनेत्री दिव्या दत्ता के सराफा बाजार में पहुंचने की जानकारी ना तो वहां के व्यापारियों को है और ना ही किसी और को है। जिन लोगों के साथ वह सराफा बाजार में पहुंची थी उन्हीं लोगों को मालूम है कि अभिनेत्री ने सराफा का दौरा कर वहां पर व्यंजन का आनंद लिया है। कल देर रात को अभिनेत्री के द्वारा अपने ट्विटर अकाउंट से सराफा बाजार में जाने और वहां पर खान-पान का लुत्फ उठाने का वीडियो जारी किया गया। इस वीडियो के जारी होने के बाद ही सभी को इस बात की जानकारी लग सकीं। ध्यान रहे कि इंदौर नगर निगम के द्वारा सराफा की चौपाटी को एक बेहतर चौपाटी के रूप में विकसित किया गया है। इंदौर में रात के समय पर खानपान का यह पुराना और प्रसिद्ध ठिकाना है। दूसरे शहरों से इंदौर में आने वाले लोगों की पहली पसंद सराफा की रात की चौपाटी ही होता है। नगर निगम के द्वारा चाहे 56 दुकान के रूप में एक और ठिकाने को विकसित कर दिया गया हो लेकिन फिर भी अभी 56 दुकान वह स्थान नहीं ले सका है जो स्थान सराफा का है।
दिव्या दत्ता भारतीय सिनेमा की एक बेहद सशक्त और बहुमुखी अभिनेत्री और लेखिका हैं। उन्होंने अपने तीन दशक लंबे अभिनय करियर में 100 से अधिक फिल्मों और वेब सीरीज में काम किया है। वे हिंदी के साथ-साथ पंजाबी, अंग्रेजी, तमिल और बंगाली फिल्मों में अपने बेहतरीन अभिनय के लिए जानी जाती हैं। उनकी फिल्म भाग मिल्खा भाग खास तौर पर चर्चित रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 25 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें


