लसूड़िया थाना क्षेत्र में करीब डेढ़ महीने पहले एक व्यापारी द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने मर्ग जांच के बाद बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने प्रताड़ना और ब्याज के लिए दबाव बनाने वाले 5 लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, ओमेक्स सिटी-1 निवासी व्यापारी महेंद्र सोनी पिता गोपाल सोनी (37)ने गत 2 जुलाई को जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की गंभीरता से जांच शुरू की थी। जांच के आधार पर पुलिस ने जिन 5 आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है, उनमें गोल्डी खुराना और उनकी पत्नी पूजा खुराना निवासी भानपुर, भोपाल भूपेन्द्र सोनी निवासी जमालपुरा, भोपाल मोहित सोनी निवासी कुरावर, जिला राजगढ़ और राहुल चौहान निवासी अमृत पैलेस, निपानिया शामिल हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक महेंद्र सोनी ने दवाइयों का व्यापार शुरू करने के लिए इन लोगों से पैसे उधार लिए थे। व्यापार में घाटा या अन्य कारणों से जब वे समय पर रकम नहीं लौटा पाए, तो सभी आरोपी गोल्डी खुराना, पूजा खुराना, राहुल चौहान, भूपेन्द्र सोनी और मोहित सोनी उन पर मूलधन के साथ भारी-भरकम ब्याज चुकाने का लगातार दबाव बनाने लगे। आरोपियों द्वारा दी जा रही लगातार मानसिक प्रताड़ना और दबाव से तंग आकर व्यापारी महेंद्र सोनी ने यह खौफनाक कदम उठाया था।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 16 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें


