इंदौर। राष्ट्रीय खेल हॉकी को जन-जन तक पहुँचाने, बाल खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और देश में हॉकी की नई पौध तैयार करने के उद्देश्य से आई। ए। टी। वी एजुकेशनल एकेडमी, देवगुराड़िया, इंदौर में 18 से 20 अक्टूबर तक इंटर रीजनल अंडर-12 बालक हॉकी टूर्नामेंट 2026-27 का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों की कुल 16 टीमें भाग ले रही हैं। इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि खिलाड़ियों से किसी भी प्रकार का प्रतियोगिता शुल्क नहीं लिया जा रहा है। प्रकाश हॉकी क्लब के तत्वावधान में आयोजित स्पर्धा में इंदौर की तीन टीमें, राजस्थान के भीलवाड़ा की दो टीमें तथा बड़वानी, धार, खंडवा, मंदसौर, ग्वालियर, देवास, भोपाल, उज्जैन और खरगोन सहित विभिन्न क्षेत्रों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ियों की सहभागिता से इस प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे और युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इस प्रतियोगिता में हॉकी जगत के अनुभवी व्यक्तित्वों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी गोलकीपर श्री मीर रंजन नेगी जी टूर्नामेंट डायरेक्टर के रूप में प्रतियोगिता का मार्गदर्शन करेंगे। वहीं डॉ। विजय फ्रांसिस पीटर प्रतियोगिता में ऑब्जर्वर की भूमिका निभाएँगे। प्रतियोगिता के आयोजन में इंदौर अनाज तिलहन व्यापारी शैक्षणिक न्यास की प्रमुख भूमिका है। साथ ही, प्रकाश हॉकी क्लब के सचिव श्री देवकीनंदन सिलावट का सहयोग भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण रहेगा।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 16 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें





