इंदौर। प्रदेश के सबसे बड़े हॉस्पिटल महाराजा यशवंत राव होल्कर एमवाय अस्पताल परिसर में पीजी पाठ्यक्रम सीट्स वृद्धि एवं अधोसंरचना उन्नत कार्य एवं कैंसर मरीजों के इलाज के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस जी-प्लस फोर मंजिला नवीन इमारत भी वर्तमान में लगभग 90 फीसदी के आसपास बनकर तैयार हो गई है। यही नहीं कैंसर मरीजों के बेहतर इलाज के लिए सर्व सुविधायुक्त नवीन अस्पताल के लिए बहु मंजिला इमारत का तेजी से निर्माण कार्य चल रहा है जो वर्तमान में 90 फीसदी से ज्यादा निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। वहीं अब इलेक्ट्रिकल और अन्य सिविल के कार्य एकदम अंतिम दौर के फिनिशिंग के काम इन दिनों तेजी के साथ पूरे किए जा रहें है।
इसके अलावा एमवाय हॉस्पिटल परिसर में पीजी छात्रों की सुविधा के लिए हॉस्टल बिल्डिंग निर्माण का कार्य भी किया जा रहा है। प्रबंधन का कहना है कि हमारा प्रयास है कि बेहद जल्द दीपावली से पहले बचे कार्य पूरे कर यहां आधुनिक तकनीक से लैस करोड़ों की लागत वाली मशीनें इंस्टॉलेशन कर मरीजों का इलाज नई बिल्डिंग से जल्द शुरू करने की प्लानिंग पर तेजी से काम किया जा रहा है। गौरतलब है कि एमवाय हॉस्पिटल परिसर में कैंसर के इलाज के लिए करोड़ों की लागत से नई आधुनिक सुविधाओं वाली जी प्लस 4 मंजिला नवीन बिल्डिंग निर्माण कार्य पिछले दो साल से भी ज्यादा समय से चल रहा है जो अब जल्द पूरा करवाने की तैयारी है। पहले निर्माण कार्य इसी साल अगस्त माह तक पूरा करवाने की तैयारी थी। यही नहीं नए कैंसर हॉस्पिटल में कैंसर के इलाज के लिए विशेष लीनियर एक्सीलेटर मशीन स्थापित करने के लिए विशेष बंकर भी बनकर तैयार है। यही नहीं नई मशीन अस्पताल पहुंच गई है। वहीं इस मशीन के शुरू होने से फायदा यह होगा कि यहां आने वाले कैंसर के गंभीर मरीजों को इलाज के लिए भोपाल या निजी अस्पतालों के भरोसे नहीं रहना पड़ेगा। वहीं अस्पताल प्रबंधन का प्रयास है कि जल्द काम पूरा हो जाए ताकि कैंसर के मरीजों को नए अस्पताल बिल्डिंग में आधुनिक सुविधाओं के साथ पहले से कई गुना बेहतर इलाज मिलना शुरू हो जाए।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 16 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें






