इंदौर। विधानसभा पांच के वार्ड क्रमांक 44 के अंतर्गत नादिया नगर क्षेत्र में शासकीय प्राथमिक विद्यालय में दूसरी मंजिल पर छात्रों की सुविधा के लिए अतिरिक्त कमरों के निर्माण करने के लिए लंबे समय से ठेकेदार की तलाश की जा रही है। हालात यह है कि आठ बार प्रयास के बावजूद यहां सरकारी स्कूल इमारत में दूसरी मंजिल पर अतिरिक्त कक्षाओं के निर्माण के लिए ठेकेदार की तलाश पूरी नहीं हो पा रही। जिसको लेकर अब निगम शिक्षा विभाग के शाला प्रकोष्ठ द्वारा नवीं बार प्रयास करते हुए एक बार फिर से ऑनलाइन निविदा जारी कर शासकीय प्राथमिक विद्यालय में दूसरी मंजिल पर अतिरिक्त क्लास रूम निर्माण के लिए प्रयास किए जा रहें है।
वर्तमान में शासकीय विद्यालय भवन में ग्राउंड फ्लोर पर कक्षाएं लगती है। बच्चों को बैठाने के लिए पर्याप्त जगह की कमी को ध्यान में रखते हुए विद्यालय प्रबंधन द्वारा क्षेत्रीय पार्षद रूपेश देवलिया और विधायक महेंद्र हार्डिया से लगातार विद्यालय भवन की दूसरी मंजिल पर छात्रों की सुविधा के लिए अतिरिक्त कमरों के निर्माण की मांग रखी थी। जिसके बाद विधायक हार्डिया और पार्षद के प्रयासों से निगम शिक्षा विभाग के शाला प्रकोष्ठ द्वारा करीब 20 लाख रुपए की लागत से विद्यालय भवन की दूसरी मंजिल पर अतिरिक्त कक्षाओं के निर्माण के लिए स्वीकृति देने के साथ फाइल को मंजूरी दी।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 16 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें






