इंदौर। एमजीएम मेडिकल कॉलेज के अंतर्गत आने वाले डेंटल चिकित्सा महाविद्यालय में पिछले साल नई बिल्डिंग निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब विभाग द्वारा बाहरी सुंदरता और सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान दिया जा रहा है। जिसके तहत पहले चरण में जहां बाहरी परिसर के बड़े हिस्से में पार्किंग और मुख्य प्रवेश द्वार के आसपास संपूर्ण बाहरी परिसर में आकर्षक नवीन डिजाइन वाले पेवर ब्लॉक लगाकर सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा किया गया।
सुरक्षा बाउंड्रीवाल की ऊंचाई बढ़ाकर हो रहा विस्तार- वहीं अब बाहरी सुरक्षा बाउंड्री वॉल की ऊंचाई बढ़ाकर नवीनीकरण का कार्य किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत शिवाजी वाटिका चौराहे के कॉर्नर से एमवाय हॉस्पिटल के सामने तक के बड़े हिस्से में डेंटल कॉलेज के बाहरी हिस्से की संपूर्ण सुरक्षा बाउंड्री वॉल को तोड़कर पूरा नया बनाया जा रहा है। यही नहीं बाहर जहां जैसी जरूरत है उस हिसाब से नए पेवर ब्लॉक लगाने का काम भी तेजी के साथ पूरा किया जा रहा है ताकि दंत चिकित्सा महाविद्यालय आने वाले छात्रों के साथ अपने दांतों का इलाज करवाने आने वाले मरीजों को भी किसी प्रकार की परेशानी ना हो। इस बात का ध्यान रखते हुए बाहरी हिस्से में कीचड़ और धूल से मुक्ति के लिए ब्लॉक लगाने के साथ सुरक्षा बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य भी तेजी के साथ किया जा रहा है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 16 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें





