शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

एमआर 12 रोड पर आईडीए भी शुरू करेगा ओवर ब्रिज का कार्य

टेंडर प्रक्रिया पूरी, अब जल्द 46 करोड़ खर्चकर शुरू होगा काम

एमआर 12 रोड पर आईडीए भी शुरू करेगा ओवर ब्रिज का कार्य

इंदौर। इंदौर विकास प्राधिकरण अब इंदौर और देवास स्टेशन के बीच आने वाले केलोद हाला ग्राम क्षेत्र में एमआर 12 रोड़ पर फ्लाई ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू करने जा रहा है। जिसको लेकर आईडीए अफसरों ने टेंडर प्रक्रिया के बाद की तैयारी भी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में बेहद जल्द दशहरे के बाद निविदा संबंधित अंतिम चरण की शेष प्रक्रिया पूरी होते प्राधिकरण यहां जल्द से जल्द काम शुरू कर देगा। करीब 46 करोड़ रुपयों की लागत से इंदौर विकास प्राधिकरण अपने हिस्से का रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण का कार्य आने वाले दिनों में शुरू करेगा।

जबकि बड़ी बात यह है कि लोक निर्माण विभाग अपने हिस्से की तीन लेन का निर्माण कार्य पहले से कर रहा है। जिसमें अब आधा दर्जन से ज्यादा कालम निर्माण का कार्य अब रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण वाले स्थान पर जमीन पर नजर भी आ रहा है। गौरतलब है कि सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के अंतर्गत रेलवे द्वारा एमआर 12 रोड़ पर इंदौर-देवास रेलवे स्टेशन के बीच लोगों को जाम से मुक्ति और रेलवे फाटक पर रुकने की झंझट से राहत दिलाने के लिए रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण करने का काम किया जा रहा है। जिसके तहत दो हिस्सों में बन रहे इस ओवर ब्रिज के एक हिस्से की तीन लेन का काम जहां पीडब्ल्यूडी द्वारा पहले से किया जा रहा है। वहीं अब आईडीए द्वारा अपने हिस्से का काम बेहद जल्द तेजी के साथ शुरू करने की तैयारी है ताकि सिंहस्थ से पहले इस ब्रिज का निर्माण कार्य पूरा किया जा सके जिससे इंदौर बायपास का उज्जैन जाने वाला ट्रैफिक यही से गुजरेगा। बड़ी बात यह है कि क्षेत्र के लोगों को इस ब्रिज बनने का लंबे समय से इंतजार है जो कि आने वाले साल में जल्द पूरा होने की उम्मीद अब नजर आने लगी है।

एमआर 12 रोड पर आईडीए भी शुरू करेगा ओवर ब्रिज का कार्य - फोटो 2

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 16 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें