दलालबाग में चातुर्मास का आयोजन हो रहा है और यहां मुनि पुंगव संत सुधा सागर म.सा. इस चातुर्मास संबोधित कर रहे हैं। चातुर्मास से जुड़े समाजसेवी संजय पाटोदी ने बताया कि करीब पौने दो माह बाद 14 से 16 दिसम्बर को सुमतिधाम गांधी नगर में तीन दिवसीय बड़ा आयोजन होगा, जिसमें मुनि पुंगव सुधा सागर म.सा. को आचार्य पद प्राप्त होगा। दिगम्बर जैन समाज अपने संत के लिए गौरवान्वित है कि वे आचार्य का पद सुशोभित करने जा रहे हैं। पाटोदी ने बताया कि संत अभी मुनि है और आचार्य पद वे विद्वानों और वरिष्ठ समाजजनों की मौजूदगी में ग्रहण करेंगे। आचार्य पद पर विराजित होने पर जैन धर्म की आध्यात्मिक परंपरा, साधना, तपस्या, त्याग और धर्म प्रभावना से जुड़ा एक महत्त्वपूर्ण अवसर होगा। अभी मुनि पुंगव के रूप में संत समाज को धर्म से जोड़ने के प्रयास कर रहे हैं, आध्यात्मिक प्रेरणा भी दे रहे हैं। सुधा सागर म.सा. के विचारों से धर्म, संस्कार, संयम और जीवन के वास्तविक उद्देश्य को समझने का अवसर मिला है। मुनि के बाद आचार्य पद पाकर सुधा सागर म.सा. को बड़ी जिम्मेदारी मिलेगी क्योंकि दिगम्बर जैन परम्परा में आचार्य पद महत्वपूर्ण दायित्व माना जाता है। प्रवचन के साथ धर्म के सिद्धान्तों की रक्षा करना, साधु- संघ का मार्गदर्शन करना संयम और चारित्र की मर्यादाओं को बनाए रखना तथा आने वाली पीढ़ियों तक धर्म की शिक्षाओं को पहुँचाना भी आचार्य का दायित्व होता है। कुल मिलाकर अभी दिगम्बर जैन समाज में चातुर्मास में बड़ा आयोजन दलाल बाग में ही हो रहा है। बड़ी संख्या जैन समाजजन जुड़े हैं। इसलिए संत के मुनि से आचार्य बनने के पद को लेकर समाज में उत्साह है और आयोजक तीन दिवसीय आयोजन की तैयारी में जुट गए हैं।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 25 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



