इंदौर। सिमरोल थाना क्षेत्र के ग्राम घोसीखेड़ा में पुराने विवाद में जबरन समझौते का दबाव बनाने को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। गांव के चौराहे पर बातचीत के दौरान तीन आरोपियों ने एक युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए डंडों से हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर सिमरोल थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। सिमरोल पुलिस के अनुसार, घटना ग्राम घोसीखेड़ा में चौराहे पर स्थित अज्जू की दुकान के सामने घटी। मामले में पीड़ित राहुल पिता सत्यनारायण मीणा, निवासी ग्राम घोसीखेड़ा ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी रामभरोसे बरबट, शिवम बरबट और कुणाल बरबट के खिलाफ केस दर्ज किया है। फरियादी राहुल ने पुलिस को बताया कि आरोपियों के साथ पूर्व में कोई विवाद चला आ रहा था। घटना के वक्त आरोपी चौराहे पर एकत्र हुए और पुराने मामले में राजीनामा करने की बात पर अड़ गए। जब फरियादी ने इसका विरोध किया और अनुचित दबाव में आने से मना किया, तो आरोपी आक्रोशित हो गए और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। विरोध बढ़ाने पर तीनों आरोपियों ने डंडों से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाईं। शोर सुनकर लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग खड़े हुए।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 23 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



