सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

सूदखोर पिता-पुत्र की प्रताड़ना से तंग आकर लगाई थी फांसी

इंदौर। कनाड़िया थाना क्षेत्र में नागपुर हाइवे के समीप पेड़ पर लटकी लाश के मामले में खुलासा हुआ है। सूदखोरी और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर उक्त व्यक्ति द्वारा आत्महत्या…

इंदौर। कनाड़िया थाना क्षेत्र में नागपुर हाइवे के समीप पेड़ पर लटकी लाश के मामले में खुलासा हुआ है। सूदखोरी और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर उक्त व्यक्ति द्वारा आत्महत्या की है। 2 लाख रुपये के कर्ज के बदले 6.5 लाख रुपये ब्याज की वसूली और मकान पर कब्जे की धमकी से तंग आकर पीड़ित ने पेड़ से फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस ने जेब से मिली पर्चियों, पत्नी के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, गत 14 सितंबर को टीपीएस-05, रोड नंबर 53 नागपुर हाईवे के पास एक पेड़ पर फंदे से झूलता हुआ शव मिला था। मृतक की शिनाख्त जितेंद्र चाकरे पिता भूरा चाकरे(40), निवासी नाथ मोहल्ला, गणगौर नगर के रूप में हुई थी। कनाड़िया पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया और मामले की बारीकी से जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक की जेब से कुछ पर्चियां बरामद हुईं। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी संगीता और अन्य गवाहों के विस्तृत बयान दर्ज किए। बयानों और साक्ष्यों की पड़ताल में सामने आया कि मित्र बंधु नगर निवासी गंगाराम यादव और उसके बेटे यश यादव ने जितेंद्र को 2 लाख रुपये उधार दिए थे। इसके एवज में आरोपी ब्याज सहित 6.5 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। आरोपी लगातार भारी-भरकम ब्याज वसूलने का दबाव बना रहे थे और जितेंद्र के मकान के दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर घर से बेदखल करने व कब्जा करने की धमकियां दे रहे थे। इसी प्रताड़ना और दबाव से क्षुब्ध होकर जितेंद्र ने आत्मघाती कदम उठा लिया। कनाड़िया थाना पुलिस ने आरोपी गंगाराम यादव और उसके पुत्र यश के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और अवैध साहूकारी का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 21 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें